उत्तराखंड: यहां रात में बदमाशों व पुलिस में हो गई तड़ातड़: कुख्यात अपराधी घायल, साथी फरार - सत्यमेव जयते

Breaking

Thursday, April 17, 2025

उत्तराखंड: यहां रात में बदमाशों व पुलिस में हो गई तड़ातड़: कुख्यात अपराधी घायल, साथी फरार


मंगलौर। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के मंगलौर में बुधवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश विशाल उर्फ काकू घायल हो गया, जबकि उसका साथी भागने में सफल रहा। इस दौरान बदमाशों की गोली सरकारी गाड़ी के शीशे को चीरती हुई निकली, लेकिन ड्राइवर बाल-बाल बच गया। पुलिस ने घायल अपराधी को हिरासत में ले लिया है और फरार बदमाश की तलाश में तलाशी अभियान तेज कर दिया है।

मंगलौर कोतवाली पुलिस नहर पटरी पर रात के समय चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक बिना नंबर प्लेट वाली काले रंग की क्रेटा कार संदिग्ध लगी। पुलिस ने गाड़ी रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन को तेजी से मोड़कर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। 

पुलिस ने बदमाशों को आत्मसमर्पण करने को कहा, लेकिन उन्होंने अंधाधुंध गोलीबारी जारी रखी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से विशाल उर्फ काकू, जो मुजफ्फरनगर के पुरकाजी थाना क्षेत्र के मेघा शकरपुर का निवासी है, घायल हो गया। उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस ने विशाल के कब्जे से एक 312 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस और जिंदा कारतूस बरामद किए। जांच में पता चला कि विशाल उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कई थानों में वांछित था और मंगलौर कोतवाली में धारा 307 (हत्या का प्रयास) के मामले में फरार चल रहा था। कई राज्यों की पुलिस इस अपराधी की तलाश में थी।

मुठभेड़ में बदमाशों की गोली से पुलिस की गाड़ी का शीशा छलनी हो गया, लेकिन ड्राइवर सुरक्षित रहा। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उससे पूछताछ जारी है। पुलिस ने फरार अपराधी की तलाश में आसपास के इलाकों में कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में अन्य संलिप्त लोगों का पता लगाया जा रहा है, और जल्द ही फरार बदमाश को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta