शादी में 'भौजी की बेन'बजा तो दुल्हन के भाइयों ने बारातियों को जमकर कूटा - सत्यमेव जयते

Breaking

Friday, April 11, 2025

शादी में 'भौजी की बेन'बजा तो दुल्हन के भाइयों ने बारातियों को जमकर कूटा


कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज में एक शादी समारोह में डीजे पर बजे गाने ने ऐसा बवाल मचाया कि सात फेरों से पहले ही बारातियों और जनातियों के बीच महाभारत छिड़ गया। गुरसहायगंज क्षेत्र के तारपुरवा गांव में हुई इस घटना में दुल्हन के भाइयों ने बारातियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें दूल्हे के भाई समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, फर्रुखाबाद जिले के दीना नगला गांव से बारात तारपुरवा गांव में एक युवती की शादी के लिए आई थी। लड़की पक्ष ने बारातियों के स्वागत के लिए शानदार इंतजाम किए थे। बाराती नाचते-गाते लड़की के दरवाजे पर पहुंचे, लेकिन जैसे ही डीजे पर ट्रेंडिंग गाना "सुनो भौजी की बेन" बजाया गया, माहौल तनावपूर्ण हो गया। दुल्हन के भाइयों को यह गाना पसंद नहीं आया और उन्होंने बारातियों से गाना बदलने को कहा। इस बात पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

लड़की पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडे निकाल लिए और बारातियों पर हमला बोल दिया। इस मारपीट में दूल्हे के भाई समेत कई बारातियों को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस बवाल का वीडियो किसी ने बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद यह घटना चर्चा का विषय बन गई।

घटना से नाराज कुछ बारातियों ने खाना-पीना छोड़ दिया और शादी से पहले ही वापस चले गए। हालांकि, बाद में किसी तरह मामला शांत कराया गया और सात फेरे कराकर दुल्हन की विदाई की गई। इस घटना ने शादी जैसे पवित्र मौके पर गाने को लेकर होने वाले विवादों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग इस घटना से हैरान हैं और डीजे पर गानों के चयन को लेकर सावधानी बरतने की बात कह रहे हैं।

No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta