वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में 19 साल की छात्रा से 23 लड़कों द्वारा छह दिनों तक गैंगरेप के सनसनीखेज मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फटकार के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। पीएम के निर्देश के कुछ ही घंटों के भीतर वाराणसी पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, अभी भी 11 आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
जानकारी के अनुसार, पीएम मोदी ने वाराणसी पहुंचते ही इस मामले को गंभीरता से लिया। प्लेन से उतरने के बाद रनवे पर ही उन्होंने मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी एस राजलिंगम से घटना की विस्तृत जानकारी ली। पीएम ने दोषियों को चिह्नित कर कड़ी कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने आधे से ज्यादा आरोपियों के अब तक फरार होने पर नाराजगी जताई और पुलिस को सख्त कार्रवाई के लिए फटकार लगाई।
पीएम के निर्देश के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई तेज कर दी। वाराणसी से पीएम की रवानगी के कुछ घंटों के भीतर ही पुलिस ने गैंगरेप के तीन और आरोपियों—मोहम्मद रजा उर्फ जैब, रेहान और जाहिद खान—को गिरफ्तार कर लिया। तीनों वाराणसी के सिगरा और चेतगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। जैब और जाहिद की उम्र 19-19 साल है, जबकि रेहान 27 साल का है। अब तक इस मामले में 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, लेकिन 11 अभी भी फरार हैं।
छात्रा की मां की शिकायत पर दर्ज एफआईआर में 12 नामजद और 11 अज्ञात लड़कों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। छात्रा ने बताया कि 29 मार्च से उसके साथ दरिंदगी शुरू हुई थी। सबसे पहले उसे एक हुक्का बार में ले जाकर रेप किया गया। इसके बाद होटल, अन्य स्थानों और चलती गाड़ी में भी अलग-अलग युवकों ने उसे नशा देकर रेप किया। यह सिलसिला छह दिनों तक चला। 4 अप्रैल को नशे की हालत में उसे सड़क किनारे छोड़कर आरोपी फरार हो गए थे।
इस घटना ने पूरे शहर में सनसनी मचा दी है और लोगों में आक्रोश है। पीएम मोदी की सख्ती के बाद पुलिस की कार्रवाई से लोगों को कुछ राहत मिली है, लेकिन फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदमों की मांग तेज हो गई है। पुलिस ने बाकी आरोपियों को जल्द पकड़ने का दावा किया है। इस मामले ने वाराणसी में कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


No comments:
Post a Comment