औरंगाबाद। बिहार के औरंगाबाद जिले से एक सनसनीखेज और खौफनाक घटना सामने आई है। यहां एक शख्स ने अपनी साली के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी से बदला लेने के लिए उसका प्राइवेट पार्ट काट डाला। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जीजा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घायल का इलाज पुलिस हिरासत में चल रहा है। इस मामले में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं और जांच जारी है।
यह घटना औरंगाबाद के देव थाना क्षेत्र के राजकर्मा गांव की है। गांव में रहने वाले कमलेश चौधरी की साली उनके ही घर में रहती थी। करीब 10 दिन पहले गांव के ही नीतीश रविदास ने कमलेश के घर में घुसकर उनकी साली के साथ दुष्कर्म किया। उस वक्त साली घर में अकेली थी और नीतीश के साथ उसका एक दोस्त भी मौजूद था। पीड़िता ने इस घटना की जानकारी अपने परिवार या पुलिस को नहीं दी थी।
हालांकि, कमलेश को किसी अन्य स्रोत से इस घटना का पता चला। उसने अपनी साली से सख्ती से पूछताछ की, जिसके बाद साली ने दुष्कर्म की बात कबूल की। यह सुनकर कमलेश गुस्से से आगबबूला हो गया और बदले की योजना बनाई। बताया जाता है कि नीतीश रविदास गाड़ी बुकिंग पर चलाता था। कमलेश ने रविवार को गाड़ी बुकिंग के बहाने नीतीश को अपने पास बुलाया।
नीतीश अपने दोस्त जीवित रविदास के साथ कमलेश के पास पहुंचा। इसी दौरान कमलेश ने नीतीश पर हमला कर दिया और उसका प्राइवेट पार्ट काट डाला। नीतीश लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। बीच-बचाव करने आए जीवित रविदास को भी कमलेश ने नहीं बख्शा और उसका एक पैर तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही देव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने इस मामले में दो एफआईआर दर्ज की हैं। पहली एफआईआर में नीतीश रविदास और जीवित रविदास को दुष्कर्म के आरोपी बनाया गया है, जबकि दूसरी में कमलेश चौधरी और अन्य को हमले के लिए नामजद किया गया है। कमलेश को गिरफ्तार कर लिया गया है, वहीं घायल नीतीश और जीवित का इलाज पुलिस कस्टडी में चल रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है ताकि सभी तथ्य सामने आ सकें।


No comments:
Post a Comment