नैनीताल में स्कॉर्पियो खाई में गिरी, 71 वर्षीय महिला की मौत, बेटा घायल - सत्यमेव जयते

Breaking

Tuesday, April 8, 2025

नैनीताल में स्कॉर्पियो खाई में गिरी, 71 वर्षीय महिला की मौत, बेटा घायल


हल्द्वानी। उत्तराखंड के नैनीताल जिले में एक दर्दनाक हादसे ने एक परिवार को झकझोर कर रख दिया। भवाली-नैनीताल मार्ग पर जोखिया मंदिर के पास एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर 30 फीट गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें सवार 71 वर्षीय उमा वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। गाड़ी चला रहे उनके 40 वर्षीय बेटे विनय वर्मा घायल हो गए। यह हादसा अल्मोड़ा से नैनीताल इलाज के लिए जाते समय हुआ।

घटना सुबह करीब 8 बजे की है। सफेद महिंद्रा स्कॉर्पियो (नंबर यूके01ए 9798) भवाली से नैनीताल की ओर जा रही थी। सड़क पर ब्रेक के निशान और टूटी रेलिंग से अंदाजा लगाया जा रहा है कि तेज रफ्तार के कारण गाड़ी अनियंत्रित हुई और खाई में गिर गई। हजारों फीट गहरी खाई वाले इस इलाके में स्कॉर्पियो दो पेड़ों से टकराई और अंत में एक पेड़ से अटक गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

राहगीरों ने हादसे को देखते ही तुरंत हरकत में आए और गाड़ी से मां-बेटे को बाहर निकालकर नैनीताल के बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही तल्लीताल थाना पुलिस और एसआई मनीष भाकुनी के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। अस्पताल में डॉक्टरों ने उमा वर्मा को मृत घोषित कर दिया, जबकि विनय वर्मा का इलाज चल रहा है।

विनय वर्मा ने पुलिस को बताया कि एक दूसरी गाड़ी (एचआर नंबर) को बचाने की कोशिश में उनकी स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई। गाड़ी अल्मोड़ा के जौहरी बाजार निवासी विनय वर्मा के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस ने बताया कि वे मामले की जांच कर रहे हैं और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta