भिवानी। हरियाणा के भिवानी में यूट्यूब और इंस्टाग्राम रील बनाने के जुनून ने एक सनसनीखेज हत्याकांड को जन्म दिया। 32 वर्षीय रवीना ने अपने यूट्यूबर प्रेमी सुरेश के साथ मिलकर अपने 35 वर्षीय पति प्रवीण की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को दिनोद रोड के गंदे नाले में फेंक दिया। हत्या के 19 दिन बाद पुलिस ने रवीना को जेल भेज दिया, जबकि सुरेश को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू की गई है।
पुराने बस स्टैंड क्षेत्र की गुजरों की ढाणी निवासी प्रवीण की शादी रेवाड़ी की रवीना से हुई थी। दंपती का छह साल का बेटा भी है। प्रवीण के पिता सुभाष ने बताया कि रवीना का हांसी के प्रेमनगर निवासी यूट्यूबर सुरेश के साथ डेढ़ साल से अवैध संबंध था। रवीना की यूट्यूब वीडियो बनाने की लत के कारण पति-पत्नी में अक्सर झगड़ा होता था।
25 मार्च को रवीना घर आई और प्रवीण के साथ उसका विवाद हुआ। उसी रात उसने चुन्नी से प्रवीण का गला घोंट दिया। देर रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच रवीना और सुरेश ने प्रवीण के शव को कपड़े में लपेटकर बाइक से दिनोद रोड के नाले में फेंक दिया। 28 मार्च को शव बरामद हुआ।
परिजनों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें रवीना और हेलमेट पहने एक व्यक्ति शव को ले जाते दिखे। पुलिस को सूचना मिलने पर रवीना और सुरेश से सख्त पूछताछ की गई। दोनों ने हत्या की बात कबूल ली। रवीना ने बताया कि पति के बार-बार विरोध करने पर उसने सुरेश के साथ मिलकर यह कदम उठाया।
एसएचओ नरेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। रवीना को जेल भेज दिया गया, और सुरेश से पूछताछ जारी है।


No comments:
Post a Comment