जोधपुर। राजस्थान के फलोदी क्षेत्र के कालू पाबूजी गांव में सोमवार देर रात एक ऐसी घटना ने सभी को हिलाकर रख दिया, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया। एक दंपति ने अपने ही तीन मासूम बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी और इसके बाद खुद भी आत्महत्या का प्रयास किया। इस भयावह वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। गांव में शोक और सन्नाटे का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, मृतक बच्चों की पहचान 12 वर्षीय हरीश, 9 वर्षीय किरण और 2 वर्षीय नत्थू के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि दंपति ने पहले बच्चों को कोल्ड ड्रिंक में कीटनाशक मिलाकर पिलाया, जिससे वे बेहोश हो गए। इसके बाद धारदार हथियार से उनकी गर्दन और हाथ की नसें काट दी गईं। मां जतनो देवी ने पूछताछ में बताया कि उसका अपने पति शिवलाल के साथ अक्सर पैसे को लेकर विवाद होता था। घटना से कुछ दिन पहले शिवलाल अपनी सबसे छोटी बेटी नत्थू को ननिहाल से घर लाया था। इसके बाद उसने पूरे परिवार को खत्म करने की साजिश रची।
वारदात के बाद जतनो और शिवलाल ने भी आत्महत्या की कोशिश की, लेकिन पड़ोस की एक महिला गुड्डी ने समय रहते सूचना दे दी। दरअसल, सुबह स्कूल वैन आने पर जब बच्चे बाहर नहीं निकले, तो गुड्डी को शक हुआ और उसने पुलिस को सूचित किया। दोनों को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से पुलिस ने एक ब्लेड, चाकू और कीटनाशक की खाली शीशी बरामद की है। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि परिवार में किसी बड़े विवाद की जानकारी नहीं थी, जिससे यह घटना और भी चौंकाने वाली है। पुलिस इस बात की गहन जांच कर रही है कि आखिर इस दंपति ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक की लहर फैला दी है।


No comments:
Post a Comment