सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के कण्डाघाट में एक सनसनीखेज चोरी की वारदात का खुलासा हुआ है। सिविल अस्पताल कण्डाघाट में कार्यरत एक मिडवाइफ के पर्स से 9,500 रुपये की नकदी और एक सोने की अंगूठी चोरी होने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
सोलन के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि इस मामले में गिरफ्तार आरोपी शातिर अपराधी है। उस पर सोलन जिलके विभिन्न थानों में चोरी के पांच मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल वह जमानत पर चल रहा था।
एसपी गौरव सिंह के अनुसार, 22 अप्रैल को कण्डाघाट पुलिस थाने में एक महिला शिकायतकर्ता ने मामला दर्ज करवाया। शिकायतकर्ता, जो सिविल अस्पताल कण्डाघाट में मिडवाइफ के पद पर कार्यरत हैं, ने बताया कि 21 अप्रैल को उनकी ड्यूटी सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक थी। ड्यूटी शुरू करने से पहले उन्होंने अपना पर्स ड्यूटी रूम में रखा था। दिनभर अस्पताल में मरीजों की भीड़ के कारण वे व्यस्त रहीं। ड्यूटी खत्म होने के बाद जब वे घर पहुंचीं, तो उनकी बेटी ने उनसे पैसे मांगे। पर्स खोलने पर उन्हें पता चला कि पर्स में रखे 9,500 रुपये और एक सोने की अंगूठी गायब हैं।
शिकायत मिलते ही कण्डाघाट पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। एसपी गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके से तकनीकी साक्ष्य जुटाए और अस्पताल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया। इस आधार पर 22 अप्रैल को ही कंडाघाट के दोलग गांव निवासी चोरी के आरोपी 30 वर्षीय जतिन को गिरफ्तार कर लिया गया। जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि जतिन एक आदतन अपराधी है। वह पहले भी चोरी के पांच मामलों में शामिल रहा है, जिनमें तीन मामले कण्डाघाट थाने, एक सोलन सदर थाने, और एक धर्मपुर थाने में दर्ज हैं। इन मामलों में उसने नकदी, गहने और अन्य संपत्ति, जिनकी कुल कीमत लगभग 2.65 लाख रुपये थी, चुराई थी। सभी मामलों में वह जमानत पर रिहा था। एसपी गौरव सिंह ने बताया कि इस बार भी चोरी की गई नकदी और सोने की अंगूठी आरोपी के कब्जे से बरामद कर ली गई है।
आरोपी जतिन को 23 अप्रैल 2025 को अदालत में पेश किया गया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या आरोपी अन्य अपराधों में भी शामिल है। एसपी गौरव सिंह ने कहा कि पुलिस की यह कार्रवाई अपराधियों के लिए सख्त संदेश है कि सोलन में अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे अपने सामान की सुरक्षा के लिए सतर्क रहें और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना पुलिस को दें।


No comments:
Post a Comment