नई दिल्ली। आम जनता को महंगाई का एक और झटका लगा है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोमवार को एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में 50 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की घोषणा की। यह वृद्धि घरेलू गैस सिलेंडर और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) के तहत मिलने वाले सिलेंडरों, दोनों पर लागू होगी। नई कीमतें आज आधी रात से प्रभावी हो जाएंगी। इस बढ़ोतरी के बाद सामान्य उपभोक्ताओं के लिए 14.2 किलोग्राम वाला एलपीजी सिलेंडर अब 803 रुपये की जगह 853 रुपये में मिलेगा, वहीं उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए यह सिलेंडर 503 रुपये से बढ़कर 553 रुपये का हो जाएगा।
मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा, "एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 50 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। पीएमयूवाई लाभार्थियों के लिए यह 500 से 550 रुपये और अन्य उपभोक्ताओं के लिए 803 से 853 रुपये हो जाएगी। यह निर्णय तेल विपणन कंपनियों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए लिया गया है। हम हर 2-3 सप्ताह में इसकी समीक्षा करते हैं।" उन्होंने आगे बताया कि तेल कंपनियों को गैस की बिक्री में लागत से कम कीमत पर बेचने के कारण लगभग 43,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है, जिसकी भरपाई के लिए पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में 2 रुपये की वृद्धि की गई है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अतिरिक्त बोझ उपभोक्ताओं पर नहीं डाला जाएगा।
पुरी ने कच्चे तेल की कीमतों का जिक्र करते हुए कहा, "अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल अभी लगभग 60 डॉलर प्रति बैरल पर है, लेकिन हमारी तेल कंपनियां 45 दिनों का स्टॉक रखती हैं। जनवरी में यह कीमत 83 डॉलर थी, जो बाद में घटकर 75 डॉलर हो गई। इस औसत स्टॉक कीमत के आधार पर काम होता है। आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वैश्विक दरों के हिसाब से कमी की उम्मीद की जा सकती है।"
इस बढ़ोतरी से जहां आम उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त दबाव पड़ेगा, वहीं उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए भी राहत की कोई गुंजाइश नहीं दिख रही है। मंत्री ने संकेत दिया कि भविष्य में कीमतों की समीक्षा जारी रहेगी, लेकिन फिलहाल यह कदम तेल कंपनियों के नुकसान को कम करने के लिए जरूरी था। कच्चे तेल की कीमतों में कमी के बावजूद सिलेंडर की कीमतों में इजाफा आम जनता के लिए चर्चा का विषय बन गया है।


No comments:
Post a Comment