सोलन। जिला सोलन के अर्की थाना क्षेत्र में चोरी के एक मामले में पुलिस ने एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। उसके हवाले से पुलिस ने चुराया गया 45 हजार रुपये का सामान भी बरामद किया हैं।
सोलन के एसपी सोलन गौरव सिंह के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार 26 मार्च अर्की के पिपलूघाट निवासी मनसा राम ने पुलिस थाना अर्की में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 13 मार्च 2025 की रात को किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर से चोरी की थी। चोर ने बरामदे में रखी धान की पुरानी चक्की, ग्राउंड फ्लोर के कमरे से तीन गैंती, आठ तोलने वाले लोहे के बट्टे, लगभग 20 किलो लोहे का छोटा सामान, चार लोहे के एंगल, कांटेदार तार, एक लोहे का बेंच और लोहे के पाइप चुरा लिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 45 हजार रुपये आंकी गई है।
इस शिकायत के आधार पर पुलिस थाना अर्की में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पता चला कि जिस आरोपी को अर्की पुलिस ने चोरी के एक अन्य मामले में पहले गिरफ्तार किया था, वही इस चोरी में भी शामिल था। पूछताछ में आरोपी ने इस घटना को अंजाम देना कबूल कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तराखंड के देहरादून के कालसी के कालसी जमनसोट निवासी 38 वर्षीय अशरफ अली के रूप में हुई। अशरफ वर्तमान में पिपलूघाट के सूरजपुर में कमरा किराये पर लेकर रह रहा था।
एसपी ने आगे बताया कि अशरफ अली एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ जिला सोलन के थाना सदर सोलन, अर्की और धर्मपुर में चोरी से संबंधित चार मामले पहले से दर्ज हैं।
इसके अलावा, उसके खिलाफ मारपीट का एक मामला भी दर्ज है। इस मामले में उसे ट्रांसफर कर गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश कर चार दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि अन्य संभावित अपराधों का भी खुलासा हो सके।


No comments:
Post a Comment