उत्तरकाशी: मोरी-नेटवाड़ सड़क पर यूटिलिटी वाहन दुर्घटनाग्रस्त, पिता-पुत्र की मौत, 20 घायल - सत्यमेव जयते

Breaking

Wednesday, April 2, 2025

उत्तरकाशी: मोरी-नेटवाड़ सड़क पर यूटिलिटी वाहन दुर्घटनाग्रस्त, पिता-पुत्र की मौत, 20 घायल



उत्तरकाशी। मोरी-नेटवाड़ सड़क पर मंगलवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने सबको झकझोर कर रख दिया। पुजेली-खंयासणी जा रहा एक यूटिलिटी वाहन नेटवाड़ के समीप अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पांच वर्षीय बेटे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वाहन में सवार 22 लोगों में से 20 घायल हुए, जिनमें से 15 को देहरादून और 5 को पुरोला अस्पताल रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, मोरी से पुजेली-खंयासणी जा रहा यह वाहन नेटवाड़ के पास ढालदार सड़क पर ब्रेक फेल होने के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके चलते यह पुल की रेलिंग से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि छत पर बैठे लोग छिटककर पुल के नीचे नाले और सड़क पर जा गिरे, जबकि आगे बैठे यात्री शीशा तोड़कर बाहर गिर पड़े।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को खाई से निकालकर व सड़क से उठाकर निजी वाहनों के जरिए मोरी अस्पताल पहुंचाया। इस हादसे में नरेश थाम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पांच साल के बेटे ने अस्पताल में अंतिम सांस ली। सीएचसी मोरी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. नितेश रावत ने बताया कि घायलों में से 15 की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें देहरादून रेफर किया गया, जबकि 5 को पुरोला अस्पताल भेजा गया है।

यह हादसा सड़क सुरक्षा और वाहन रखरखाव की लापरवाही को फिर से सवालों के घेरे में लाता है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta