घटना 9 अप्रैल की शाम करीब 6 बजे की है। 65 वर्षीय मधुली देवी, जो ग्राम अंडोली की निवासी हैं, अपने भाई से मिलने के बाद पैदल घर लौट रही थीं। रास्ते में चौना के पास जंगल में एक युवक ने उन्हें धक्का देकर नीचे खींच लिया और जबरदस्ती उनके दोनों कानों से कर्णफूल खींच लिए। इस दौरान महिला के कान बुरी तरह जख्मी हो गए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही दन्या पुलिस सक्रिय हो गई। थाना प्रभारी भगवान गिरी गोस्वामी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़िता से जानकारी ली। मधुली देवी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर संदिग्ध की पहचान बिशन सिंह, निवासी ग्राम गल्ली, पोस्ट कफलनी, दन्या के रूप में हुई। पुलिस ने उसके ससुराल चौना में छापा मारा, लेकिन वह वहां से फरार हो गया था।
गुरुवार सुबह पुलिस ने फल्याट गांव से करीब एक किलोमीटर पहले दन्या की ओर आते वक्त बिशन सिंह को धर दबोचा। पूछताछ में उसने अपना अपराध कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह दिल्ली में एक बेकरी में काम करता है और कुछ दिन पहले अपनी पत्नी को छोड़ने ससुराल आया था। उसने कर्णफूल अपने ससुराल में छुपा दिए थे, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भगवान गिरी गोस्वामी, एसआई पुष्कर सिंह खाती, बीना कौर, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार कोहली, कांस्टेबल आनंद सिंह रावत, होमगार्ड गजेन्द्र सिंह और राजेन्द्र शामिल रहे। एसएसपी देवेंद्र पींचा ने पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए उन्हें 5 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है।


No comments:
Post a Comment