पंतनगर: पंत विश्वविद्यालय में छात्रा को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाया, हालत बिगड़ी - सत्यमेव जयते

Breaking

Monday, March 31, 2025

पंतनगर: पंत विश्वविद्यालय में छात्रा को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाया, हालत बिगड़ी


रुद्रपुर। जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में रविवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। यहां एक छात्रा को कथित तौर पर उसके किसी सहपाठी ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। इस घटना से विश्वविद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने छात्रा का मेडिकल करवाया और उसके बयान दर्ज किए हैं। मामले की जांच शुरू हो गई है।

जानकारी के मुताबिक, रविवार को विश्वविद्यालय के गांधी मैदान में चेतना स्टूडेंट विंग की ओर से फन फेयर का आयोजन हुआ था। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने खाने-पीने के स्टॉल लगाए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद शाम करीब 7 बजे कुछ छात्र-छात्राओं ने आपस में पार्टी की। आरोप है कि इसी दौरान किसी सहपाठी ने एक छात्रा को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर दे दिया। इसके कुछ देर बाद छात्रा बेहोश हो गई। सहपाठियों ने पानी डालकर उसे होश में लाने की कोशिश की, लेकिन हालत न सुधरने पर रात करीब 8:15 बजे उसे विश्वविद्यालय चिकित्सालय ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सहपाठी उसे वापस ले गए।

इसी बीच किसी ने छात्रावास वार्डन और छात्रा के परिजनों को सूचना दे दी। परिजनों ने कुलपति से संपर्क किया, लेकिन उन्होंने मामले से अनभिज्ञता जताई। कुलपति के निर्देश पर विश्वविद्यालय प्रशासन हरकत में आया। रात करीब 11:15 बजे वार्डन, डीएसडब्ल्यू, एडीएसडब्ल्यू और स्टाफ काउंसलर छात्रा को दोबारा चिकित्सालय ले गए। वहां से उसे मेडिकल जांच के लिए पुलिस और विश्वविद्यालय अधिकारियों की मौजूदगी में जिला अस्पताल भेजा गया। सोमवार सुबह दिल्ली से पंतनगर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को तहरीर सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की।

एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर सीओ डीआर वर्मा, कोतवाल सुंदरम शर्मा और महिला एसआई की टीम ने पंतनगर पहुंचकर छात्रा के बयान दर्ज किए। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सहपाठी पर शक है, लेकिन अभी जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन से पक्ष जानने की कोशिश की गई, लेकिन कोई अधिकारी उपलब्ध नहीं हुआ।

यह घटना विश्वविद्यालय परिसर में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रही है। परिजनों और स्थानीय लोगों में गुस्सा है, और वे दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की तह तक जाकर दोषी को सजा दिलाई जाएगी।


No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta