विवि में चल रहा था मासूम शर्मा का 'डाकू—डाकू', मंच के पीछे हो गई हिमाचली छात्र की हत्या - सत्यमेव जयते

Breaking

Saturday, March 29, 2025

विवि में चल रहा था मासूम शर्मा का 'डाकू—डाकू', मंच के पीछे हो गई हिमाचली छात्र की हत्या


चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की ओर से आयोजित स्किट्रोन कार्यक्रम के दौरान हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा की स्टार नाइट में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। इस मौके पर एक युवक पर चाकू से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल छात्र को तुरंत पीजीआई ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान आदित्य ठाकुर के रूप में हुई है, जो हिमाचल प्रदेश का निवासी था और यूआईईटी में सेकंड ईयर का छात्र था।

जानकारी के मुताबिक, यह वारदात मुख्य स्टेज के ठीक पीछे हुई। उस समय तेज म्यूजिक बज रहा था, जिसके शोर में हमले की आवाज दब गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई छात्रों ने शोर मचाने की कोशिश की, लेकिन म्यूजिक की तेज आवाज के कारण न तो अन्य छात्रों को और न ही पुलिस को तुरंत घटना का पता चल सका। सूत्रों के अनुसार, हमले के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। मौके पर मौजूद कुछ छात्रों का कहना है कि हमलावर भीड़ का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।

पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। चंडीगढ़ पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारी ने कहा, "यह बेहद दुखद घटना है। हम हर पहलू की जांच कर रहे हैं ताकि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।" विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताया है और छात्रों की सुरक्षा के लिए तत्काल कदम उठाने की बात कही है।

आदित्य के दोस्तों ने बताया कि वह एक मिलनसार और पढ़ाई में होनहार छात्र था। इस घटना के बाद यूआईईटी के छात्रों में आक्रोश फैल गया है और वे कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं। छात्र संगठनों ने इस घटना के खिलाफ प्रदर्शन की चेतावनी दी है। वहीं, हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, "मुझे इस घटना का गहरा दुख है। यह मेरे लिए भी स्तब्ध करने वाली खबर है।"

पंजाब विश्वविद्यालय में पहले भी छोटी-मोटी झड़पों की खबरें सामने आती रही हैं, लेकिन इस तरह की गंभीर घटना ने कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है और जांच तेज कर दी गई है।



दूसरी ओर एनएसयूआई ने खत्म की भूख हड़ताल

पंजाबी गायक गुरदास मान की स्टार नाइट रद्द होने के विरोध में स्टूडेंट काउंसिल की भूख हड़ताल चल रही थी। चौथे दिन उप प्रधान अर्चित गर्ग ने अपने साथियों के साथ अपनी हड़ताल जूस पीने के साथ खत्म की। मीटिंग के दौरान प्रधान अनुराग दलाल के सामने पीयू अधिकारियों ने माना कि उनकी ओर से गलती हुई। आगे से उन्होंने फंड को स्टूडेंट्स काउंसिल के सभी सदस्यों में समान रूप से बांटने, फंड को लेकर स्टूडेंट काउंसिल का अकाउंट खोलने और एक कमेटी गठित करने का लेटर जारी किया। ताकि फंड की पारदर्शिता रहे। उन्होंने अर्चित गर्ग को साढ़े 7 लाख रुपए देने का एलान भी किया, जोकि उनके स्टार नाइट को लेकर खर्च हुए थे। बीते कल भूख हड़ताल पर बैठे एनएसयूआई के सदस्यों ने फंड में गड़बड़ी के आरोप लगाए थे, जिसको लेकर शुक्रवार को डीएसडब्ल्यू के साथ प्रधान की मीटिंग हुई। इसमें फंड के बिल पेश किए गए।

No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta