नाहन। सिरमौर जिले के पच्छाद ब्लॉक में स्थित मेंहदोबाग वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रिंसिपल मुरली मनोहर गुप्ता को राज्य सरकार ने निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई उनके अभद्र व्यवहार और अनुशासनहीनता की शिकायतों के बाद की गई है। निलंबन के आदेश हिमाचल प्रदेश सरकार के शिक्षा सचिव राकेश कंवर द्वारा जारी किए गए हैं।
उच्च शिक्षा विभाग के अनुसार, मेंहदोबाग ग्राम पंचायत और अन्य विभागीय रिपोर्ट्स में मुरली मनोहर गुप्ता की कार्यशैली और व्यवहार को लेकर गंभीर शिकायतें सामने आई थीं। इन शिकायतों की जांच के बाद उच्च शिक्षा निदेशक ने अपनी रिपोर्ट में स्कूल के शैक्षणिक माहौल को बचाने के लिए उन्हें पद से हटाने की सिफारिश की थी। हाल ही में विद्यालय की डीपी और अन्य शिक्षकों ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रिंसिपल के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने गुप्ता की विवादास्पद कार्यशैली का खुलासा करते हुए कहा था कि उनका व्यवहार स्कूल के लिए हानिकारक साबित हो रहा है।
गौरतलब है कि मुरली मनोहर गुप्ता का यह पहला विवाद नहीं है। इससे पहले सोलन के जीएसएसएस मानपुरा स्कूल में भी उन पर अनुशासनहीनता के आरोप लगे थे, जिसके चलते उनके खिलाफ चार्जशीट जारी की गई थी। निलंबन के दौरान उनका मुख्यालय शिमला स्थित प्राथमिक शिक्षा निदेशालय निर्धारित किया गया है। आदेश में साफ निर्देश दिए गए हैं कि वे मुख्यालय छोड़ने से पहले उच्च अधिकारियों से अनुमति लें।
शिक्षा सचिव राकेश कंवर ने बताया कि निलंबन के साथ ही संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। इस घटना से क्षेत्र में चर्चा का माहौल गर्म है, और लोग स्कूल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।


No comments:
Post a Comment