दिल्ली: समलैंगिक संबंधों में पकड़े जाने पर पति ने बीवी को उतारा मौत के घाट - सत्यमेव जयते

Breaking

Monday, March 31, 2025

दिल्ली: समलैंगिक संबंधों में पकड़े जाने पर पति ने बीवी को उतारा मौत के घाट


नई दिल्ली। दिल्ली के विवेक विहार इलाके में सत्यम एन्क्लेव में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। पुलिस ने एक युवक को अपनी पत्नी की ईंट से वार कर हत्या करने के आरोप में बिहार के मधेपुरा से गिरफ्तार किया है। हत्या के बाद आरोपी अपने मामा के घर छिपा हुआ था, जिसे भी पुलिस ने शरण देने के आरोप में पकड़ लिया। दोनों को सोमवार तक दिल्ली लाया जाएगा। इससे पहले पुलिस ने मामले में आरोपी के मौसेरे भाई और एक अन्य रिश्तेदार को भी हिरासत में लिया था।

पुलिस के मुताबिक, मृतका अपने पति के साथ बिहार के सुपौल में रहती थी, लेकिन पति से अनबन के कारण वह पंजाब के लुधियाना में रिश्तेदारों के पास चली गई थी। 21 मार्च को पति उसे जबरदस्ती दिल्ली के सत्यम एन्क्लेव में अपने मौसेरे भाई के फ्लैट पर ले आया, जहां वह बच्चों को ट्यूशन पढ़ाता था। पूछताछ में आरोपी पति ने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह समलैंगिक है और अपनी पत्नी से खुश नहीं था। उसने खुलासा किया कि घटना वाले दिन वह अपने मौसेरे भाई और सुपौल के एक रिश्तेदार के साथ नशे में समलैंगिक संबंध बना रहा था।

आरोपी के अनुसार, उसी दौरान दूसरे कमरे में सो रही उसकी पत्नी जाग गई और उसने तीनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया। पत्नी के शोर मचाने और विरोध करने पर तीनों घबरा गए। डर के मारे उन्होंने ईंट से वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को ट्रॉली बैग में डालकर फ्लैट के बेड के अंदर छिपा दिया। कुछ दिनों बाद फ्लैट से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बरामद किया।

हत्या के बाद जयपुर और बिहार तक भागे आरोपी

पुलिस पूछताछ में पता चला कि हत्या के बाद तीनों आरोपी जयपुर भाग गए थे। वहां से पति अपने मामा के घर मधेपुरा (बिहार) चला गया, जबकि मौसेरा भाई और रिश्तेदार जयपुर से फ्लाइट लेकर दिल्ली लौट आए। दिल्ली के पहाड़गंज में एक होटल में रुककर उन्होंने इंटरनेट पर शव ठिकाने लगाने के तरीके खोजे। ट्यूशन मास्टर ने फ्लैट के आसपास नालों और सीवर की रेकी भी की, लेकिन लोगों की मौजूदगी के कारण वे शव को बाहर नहीं निकाल सके।

पुलिस की कार्रवाई और जांच जारी

विवेक विहार थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और फिर बिहार से मुख्य आरोपी पति और उसके मामा को पकड़ा। सभी से पूछताछ जारी है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह मामला बेहद संवेदनशील है और हत्या के पीछे की पूरी साजिश का पता लगाने के लिए गहन जांच की जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है।

No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta