दुबई। भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर चैंपियंस ट्रॉफी में जीत की हैट्रिक लगा दी है। टीम इंडिया ने दुबई में खेले गए आखिरी लीग मैच में न्यूजीलैंड को 44 रन से हरा दिया है। इसके साथ भारत की सेमीफाइनल में किस टीम से टक्कर होगी, ये भी कन्फर्म हो गया। भारतीय टीम सेमीफाइनल में 4 मार्च को वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से दुबई में भिड़ेगी। जबकि दूसरा सेमीफाइनल न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच 5 मार्च को लाहौर में खेला जाएगा। भारत की जीत में स्पिनर वरुण चक्रवर्ती हीरो बनकर उभरे। वरुण ने न्यूजीलैंड के 5 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। वरुण ने 10 ओवर में 42 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए। भारत ने 6 अंक लेकर टेबल टॉप करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया है।
भारत की ओर से रखे गए 250 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम 45.3 ओवर में 205 रन पर ढेर हो गई। कीवी टीम की ओर से केन विलियम्सन से सबसे ज्यादा 81 रन बनाए। विलियम्सन ने 120 गेंदों पर 7 चौके लगाए। कप्तान मिचेल सैंटनर ने 28 रन की पारी खेली जबकि ओपनर विल यंग ने 22 रन बनाए। भारत की ओर से वरुण ने 5 जबकि कुलदीप यादव ने दो वहीं रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल और हार्दिक पंड्या ने एक एक विकेट लिया। भारतीय टीम ने इसके साथ न्यूजीलैंड से 25 साल पुराना हिसाब भी बराबर कर लिया। कीवी टीम ने साल 2000 में चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत को हराकर खिताब से वंचित कर दिया था।
इससे पहले, श्रेयस अय्यर (79) की अर्धशतकीय पारी के बावजूद मैट हेनरी की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से न्यूजीलैंड ने भारत को 9 विकेट पर 249 रन पर रोक दिया था। हेनरी ने आठ ओवर में 42 रन देकर पांच विकेट लिए। उन्हें टीम के दूसरे गेंदबाजों अच्छा साथ मिला। न्यूजीलैंड के लिए काइल जैमीसन, विलियम ओ’राउरकी, कप्तान मिचेल सेंटनर और रचिन रविंद्र ने एक-एक विकेट लिए। न्यूजीलैंड के क्षेत्ररक्षकों ने कुछ कमाल के कैच पकड़ने के साथ अहम रन बचाए।
भारत ने शुरुआती सात ओवर में 30 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे, लेकिन अय्यर ने 98 गेंद की पारी में चार चौके और दो छक्के की मदद से 79 रन की संयमित पारी खेलने के अलावा अक्षर पटेल (42) के साथ चौथे विकेट के लिए 136 गेंद में 98 रन की साझेदारी कर टीम को खराब शुरुआत से उबारा। उन्होंने लोकेश राहुल (23) के साथ भी 42 गेंद में 44 रन की साझेदारी की। अक्षर ने 61 गेंद की पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया. आखिरी ओवरो में हार्दिक पंड्या ने 45 गेंद में चार चौके और दो छक्के की मदद से 45 रन बनाकर टीम को 250 रन के करीब पहुंचाया।
पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर रोहित शर्मा ने मैट हेनरी के खिलाफ आक्रामक अंदाज में चौका और छक्का लगाए लेकिन इस तेज गेंदबाज ने शुभमन गिल (दो) को चलता कर भारत का पहला झटका दिया। काइल जैमीसन के खिलाफ बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में रोहित (15) विल यंग को कैच देकर पवेलियन लौट गए। पाकिस्तान के खिलाफ नाबाद शतक जड़ने वाले विराट कोहली भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। हेनरी की गेंद पर प्वाइंट की दिशा में ग्लेन फिलिप्स ने शानदार कैच लपककर 14 गेंद में उनकी 11 रन की पारी को खत्म किया। सातवें ओवर में 30 रन तक तीन विकेट गंवाने के बाद श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल ने सतर्कता से बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर तक टीम के स्कोर को 46 रन तक पहुंचाया।


No comments:
Post a Comment