अल्मोड़ा। जिले में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान रंग ला रहा है। सल्ट पुलिस ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 5.825 किलोग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की कीमत लगभग 1.45 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
यह घटना सल्ट थाना क्षेत्र के नैल तिराहे के पास की है। पुलिस टीम नियमित चेकिंग के दौरान पुलिया पर एक संदिग्ध युवक को पिट्ठू बैग के साथ खड़ा देखा। शक होने पर पुलिस ने उससे पूछताछ की। पहले तो युवक ने बैग में कपड़े होने का बहाना बनाया, लेकिन तलाशी लेने पर बैग से 5.825 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
आरोपी की पहचान मुरादाबाद निवासी चमन सिंह के रूप में हुई। पूछताछ में उसने बताया कि वह सराईखेत से गांजा खरीदकर मुरादाबाद में ऊंचे दामों पर बेचने जा रहा था। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह खुद नशे का आदी है।
सल्ट पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को हिरासत में ले लिया और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब तस्करी के इस नेटवर्क को तोड़ने के लिए आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है।
इस सफल ऑपरेशन में अपर निरीक्षक लोमेश कुमार के नेतृत्व वाली टीम शामिल थी, जिसमें हेड कांस्टेबल अरविंद सिंह, कांस्टेबल रवि प्रताप और नरेंद्र सिंह ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और तस्करों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment