शिमला। शहर में एक सैलून में बारबर ने अपने ही दोस्त के साथ हुए विवाद के बाद उस्तरे से उसके गले पर हमला कर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने इस संबंध में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना मंगल वार शाम की है।
मिली जानकारी के अनुसार ताराहाल में बार्बर की दुकान चलाने वाला अमन अपने दोस्त अक्षय के साथ सैलून पर ही था। यहीं किसी बात को लेकर दोनों में बहस हुई और गुस्साए अमन ने अक्षय के गले पर उस्तरे से वार कर दिया। अक्षय के गले से खूनकी धार बहने लगी। वह जमीन पर गिर गया। उसे तड़पता देख अमन मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों की मदद से युवक को उपचार के लिए आईजीएमसी अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने अक्षय के परिजनों को भी घटना की सूचना दी।
डीएसपी शक्ति सिंह की अगुवाई में पुलिस की टीम ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया। पुलिस ने हमले में इस्तेमाल किया गया (उस्तरा) भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने अक्षय के परिजनों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत केस दर्ज किया। अभी तक की जांच में सामने आया है की पहले आरोपी के पिता यहां पर बार्बर की दुकान चलाते थे और अब वह यहां कामकाज देख रहा है। शिमला डीएसपी शक्ति सिंह के अनुसार सैलून में एक युवक और बार्बर में किसी बात को लेकर अचानक कहासुनी हो गई, जो मारपीट में तब्दील हो गई। उन्होंने कहा कि ये दोनों आपस में दोस्त है। झगड़ा किस बात पर हुआ इसकी जांच जारी है। घायल की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। आरोपी अमन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
अक्षय अभी बयान देने की हालत में नहीं है। दोनों में किस बात को लेकर कहासुनी हुई और मामला जानलेवा हमले तक पहुंच गया। इसका पूरा खुलासा अक्षय के बयान देने के बाद ही हो पाएगा।


No comments:
Post a Comment