बाप रे: युवक सीख रहा था कार चलाना, ठोक दीं छह छात्राएं - सत्यमेव जयते

Breaking

Saturday, February 8, 2025

बाप रे: युवक सीख रहा था कार चलाना, ठोक दीं छह छात्राएं



मुरादाबाद। शहर के गोल्डन गेट ग्लोबल स्कूल के पास शुक्रवार को सड़क किनारे खड़ी 12वीं की छह छात्राओं को तेज रफ्तार कार ने ऐसी टक्कर मारी कि छात्राएं दूर जा कर गिरीं। बोनट में फंसी एक छात्रा 50 मीटर तक घिसटती चली गई। छात्राओं की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने कार चला रहे युवक को पकड़ लिया। जबकि कार में सवार बाकी चार युवक भाग निकले। बाद में पुलिस ने दो और युवकों को हिरासत में ले लिया। घायल छात्राओं को विवेकानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां दो ही हालत गंभीर है। 

पुलिस के मुताबिक कार में सवार पांचों युवक इंजीनियरिंग के छात्र हैं। पकड़ा गया युवक कार सीख रहा था। सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कार की टक्कर से घायल होने वाली छात्राओं में सिविल लाइंस के रामगंगा विहार वेवग्रीन निवासी सानवी भंडूला, मानसरोवर कॉलोनी निवासी इशिका सुनेजा, ऋषिका रस्तोगी, परी बंसल, टीडीआई सिटी निवासी पर्ल टंडन और अदिति अग्रवाल शामिल हैं। सभी शिरडी साईं पब्लिक स्कूल में 12वीं की छात्रा हैं। 

12 फरवरी से छात्राओं की परीक्षा शुरू हो रही है। शुक्रवार को स्कूल से एडमिट कार्ड लेने के बाद घर लौटते समय छात्राएं रामगंगा विहार स्थित हाईस्ट्रीट चली गईं। यहां छात्राएं गोल्डन गेट स्कूल जाने वाली सड़क पर खड़ी थीं। सुबह करीब 11:30 बजे तेज रफ्तार कार ने छात्राओं को जबरदस्त टक्कर मार दी। इस हादसे से छात्राएं इधर उधर दूर जाकर गिरीं। एक छात्रा बोनट में फंस गई। 

वह 50 मीटर दूर तक घिसटते हुए चली गई। अचानक हुए घटनाक्रम से छात्राओं में चीखपुकार मच गई। जिसे सुनकर मदद के लिए दौड़े आसपड़ोस के लोगों ने कार को घेर लिया और कार चला रहे युवक को पकड़ लिया, जबकि उसके चार साथी भाग गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक कार की रफ्तार 100 से अधिक थी। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस और घायल छात्राओं के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। घायलों को विवेकानंद अस्पताल भिजवा दिया गया।



इशिका और पर्ल को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस कार चालक को पकड़ कर थाने ले गई। पूछताछ में उसने अपना नाम शगुन सिंह बताया है। वह सिविल लाइंस के नवीन नगर निवासी है। उसके पिता दौलत सिंह निजी कंपनी में मैनेजर हैं। उसने पूछताछ में बताया कि कार में उसके साथ लक्ष्य बरेजा, उदय कौशिक, यश सिरोही और दिव्यांशु सवार थे। 

एसपी क्राइम सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि कार चला रहे शगुन और उसके साथी इंजीनियरिंग के छात्र हैं। शगुन दोस्त की कार चला रहा था। शगुन, लक्ष्य और उदय को हिरासत में ले लिया गया है। एक छात्रा के पिता की तहरीर पर कार चालक और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।

सिविल लाइंस के नवीन नगर निवासी शगुन सिंह (19) के पिता दौलत सिंह निर्यात फर्म में मैनेजर हैं। सिविल लाइंस के नवीन नगर साईं मंदिर के पास रहने वाले लक्ष्य बरेजा (19) के पिता सचिन बरेजा कपड़ा कारोबारी हैं, बाजार गंज में कपड़े का शोरूम है। सिविल लाइंस के नवीन नगर निवासी उदय कौशिक (19) के पिता कृषि विभाग में जेई हैं।

सभी छात्राओं को विवेकानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिवार के लोगों का कहना है कि इशिका के सिर में गंभीर चोट लगी है जबकि पर्ल टंडन के चेहरे पर गंभीर चोट है। डॉक्टरों ने परिजनों को बताया कि दो तीन सप्ताह तक दोनों छात्राओं का उपचार चलेगा। दो अन्य छात्राओं का भी उपचार चल रहा है जबकि एक छात्रा को उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो रोंगटे खड़े कर रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि छात्राएं सड़क किनारे खड़ी बातचीत कर रही हैं। इसी दौरान एक कार तेजी से आ रही है। यह कार छात्राओं को टक्कर मार देती है। जिससे छात्राएं इधर-उधर गिरती हैं। जबकि एक छात्रा कार के बोनट पर फंसकर दूर तक चली जाती है। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई हैं।जिस कार से छात्राओं को टक्कर मारी गई है, उसका पंजीकरण संभल के जगवीर सिंह के नाम है। पुलिस ने कार की डिटेल निकालने के बाद कार मालिक को पूछताछ के लिए थाने बुलाया है। संभल जनपद के चंदौसी रोड तिगरी निवासी जगवीर सिंह ने 11 अक्तूबर 2019 को कार का पंजीकरण अपने नाम पर कराया है।

No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta