सोलन। धर्मपुर पुलिस ने हरियाणा के सिरसा से एक ऐसे शातिर चिट्टा तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है जो पिछले चार सालों से हिमाचल के युवाओं की नसों में चिट्टे का जहर घोल रहा था। हिमाचल के तकरीबन सौ युवा चिट्टा तस्करी को लेकर उसके नेटवर्क में शामिल हैं। उसके खिलाफ हिमाचल, पंजाब और हरियाणा में चिट्टा तस्करी के एक दर्जन से ज्यादा केस दर्ज थे। तीनों राज्यों की पुलिस उसे ढूंढ रही थी।
सोलन के एसपी गौरव सिंह ने बताया कि 3 नवंबर 2024 को जिला पुलिस की विशेष अन्वेषण ईकाई (SIU) की टीम गश्त व अपराधों की रोकथाम हेतू पुलिस थाना धर्मपुर के क्षेत्र में मौजूद थी तो गुप्त सूचना पर टीम ने सनवारा टोल प्लाजा के समीप दो आरोपियों शिमलाके धींगुधार रोड बुखोल भववन निवासी 23 वर्षीय वर्तिक चौहान शिमला की चौपाल तहसील के चौहाग गांव निवासी 28 वर्षीय राहुल दीवान करीब 16 ग्राम चिट्टा सहित गिरफ्तार किया था।
इस मामले में नशा तस्करी में शामिल एक अन्य आरोपी चौपाल के ही पुजारली गांव निवासी 23 वर्षीय क्षितिज रमलाईक को पुलिस थाना धर्मपुर की टीम ने 08 नवंबर 2024 को गिरफ्तार किया था ।
इस मामले में पुलिस थाना धर्मपुर की टीम ने पूर्व में गिरफ्तार किये गए तीनों आरोपियों से पूछताछ व उनके मोबाइल फोनों की डिटेल के विश्लेषण के आधार पर इस खेप के मुख्य सप्लायर की लगातार निगरानी व तलाश जारी रखी। मामले की जांच के दौरान पाया गया था कि बरामद किया गया चिट्टा तीनों युवक सिरसा निवासी विजय नाम के एक युवक से खरीद कर लाए थे। जिस पर थाना धर्मपुर तथा साइबर सेल सोलन की टीम द्वारा विजय की लगातार तकनीकी निगरानी व विश्लेषण किया जा रहा था। जांच के दौरान पता चला कि यह व्यक्ति काफी चालाक व शातिर प्रवृति का है, जो पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए अपने मोबाइल फोन, सिम तथा अपनी लोकेशन को नवम्बर, 2024 से लगातार बदल रहा था।
पुलिस से बचने के लिए यह शातिर अपने नेटवर्क व परिचितों से केवल वॉट्सएप काल करता था जिसके लिए यह स्थान बदल बदल कर अस्थाई वाई फाई कनेक्शन का उपयोग कर रहा था।
परन्तु साइबर सेल सोलन की टीम मामले में काफी गहनतापूर्वक इस शातिर की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए थी। इसी कड़ी में दिनांक सात फरवरी को साइबर सेल की टीम ने तकनीकी विश्लेषण से इस शातिर को सेक्टर 9 खरड़ पंजाब में ट्रेस किया । जिस पर थाना धर्मपुर की टीम ने आरोपी हरियाणा के सिरसा जिले के शांतिनगर निवासी 37 वर्षीय विजय सोनी को आज पंजाब के खरड़ से गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान पाया गया है कि यह आरोपी नशा तस्करी का एक बहुत बड़ा सरगना है। वह काफी समय से पंजाब व हरियाणा आदि राज्यों में नशे का नेटवर्क चला रहा था। हिमाचल प्रदेश के युवाओं को भी नशे का सामान सप्लाई कर रहा था। जांच के दौरान यह भी पाया गया है कि यह काफी समय से इस धंधे में संलिप्त है। हिमाचल के अधिकांश जिलों में युवाओं को नशे के सामान की जो सप्लाई पंजाब मोहाली आदि से हो रही है, वो ज्यादातर इसी शातिर द्वारा की जा रही थी । जांच के दौरान यह भी पाया गया है कि इस शातिर ने नशे के कारोबार की कमाई से अपने नाम काफी संपति अर्जित की है, जिनकी अब जांच की जा रही है।
शातिर माफिया आरोपी विजय सोनी के ख़िलाफ़ अभी तक नशा तस्करी के मामले पंजाब हरियाणा और हिमाचल राज्यों में पंजीकृत पाए गए हैं। जिनमे 5 मामले हरियाणा के सिरसा जिला में, 2 मामले हरियाणा के फतेहाबाद जिला में, 1 मामला पंजाब के मोहाली जिला में, 3 मामले ठियोग में और 2 मामले शिमला शहर में दर्ज हैं। जांच पर पाया गया कि इस आरोपी का नेटवर्क वर्ष 2021 से हिमाचल प्रदेश में सक्रिय हुआ था तथा अभी तक करीब 100 से अधिक हिमाचली युवक नशे के सामान की खरीद के लिए इस आरोपी के संपर्क में आ चुके थे। कल उसे अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।


No comments:
Post a Comment