बेड़ियों से जकड़े अमेरिका से 157 और अवैध प्रवासी पहुंचे भारत - सत्यमेव जयते

Breaking

Monday, February 17, 2025

बेड़ियों से जकड़े अमेरिका से 157 और अवैध प्रवासी पहुंचे भारत



अमृतसर।
अमेरिका से निर्वासित 157 अवैध प्रवासियों की तीसरी खेप रविवार को भी अमृतसर पहुंच गई है। अमेरिकी सेना का ग्लोबमास्टर सी-17 विमान रविवार देर रात सभी प्रवासियों को लेकर श्री गुरु रामदास इंटरनेशनल एयरपोर्ट अमृतसर पर उतरा। खास बात यह है कि इन सभी को हथकड़ियां लगाकर अमेरिकी सेना की देखरेख में भारत लाया गया।

विमान के लैंड होने के बाद सभी को एयरपोर्ट पर पहले से मौजूद भारत के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के हवाले कर दिया गया। एयरपोर्ट पर सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सुबह तीन बजे के बाद वे एयरपोर्ट से बाहर आए और इसके बाद उनको पुलिस की देखरेख में गाड़ियों में बिठाकर रवाना किया गया। इससे पहले शनिवार को भी 116 भारतीय अमृतसर लौटे थे, जिनमें 33 हरियाणा के थे।

दूसरे व तीसरे जत्थे में डिपोर्ट किए गए सभी युवाओं पर हरियाणा की एसआईटी के निर्देश लागू होंगे। निर्देशों के तहत जिला पुलिस सभी के घर जाकर उनकी शिकायत दर्ज करेगी। जिस ट्रैवल एजेंट और बिचौलियों ने युवाओं को डंकी रूट से अमेरिका भेजा था, उनको जिला पुलिस गिरफ्तार करेगी। 

पहली जत्थे में अमेरिका से निर्वासित 34 लोगों में मात्र 8 ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जबकि 26 ने शिकायत देने से मना कर दिया। दूसरे जत्थे में हरियाणा के 33 लोग आए हैं, जबकि तीसरे जत्थे में आने वालों की संख्या देर रात तक स्पष्ट नहीं हो पाई।

दूसरी ओर, डिपोर्ट होकर आए सभी लोगों को परिवार भी एयरपोर्ट के बाहर बैठे पूरी रात अपनों से मिलने का इंतजार करते रहे। उन सभी का कहना है कि लाखों रुपये का कर्ज लेकर विदेश भेजा था। अब यह डर सता रहा है कि जो कर्ज लिया था। उसे कैसे चुकता किया जाएगा।

शनिवार को लौटे 33 युवाओं में से सबसे ज्यादा पंजाब से सटे जिलों से ही हैं। सबसे ज्यादा करनाल जिले के आठ, कैथल के सात, कुरुक्षेत्र के तीन, अंबाला के चार, यमुनानगर, पंचकूला व पानीपत से दो-दो, हिसार, भिवानी, रोहतक, सोनीपत व जींद से एक-एक युवक अमेरिका से लौटे हैं।

शनिवार को अमेरिका से डिपोर्ट अवैध प्रवासी भारतीयों में कुरुक्षेत्र के पिहोवा का साहिल वर्मा भी शामिल है। पुलिस को वह पॉक्सो और अन्य आपराधिक मामलों में वांछित था। उसके खिलाफ 14 मई, 2022 को दर्ज मामले में लकुआउट नोटिस जारी किया गया था। कुरुक्षेत्र के पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने बताया कि साहिल वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी सभी 32 युवाओं को उनके घर भेज दिया गया है।

No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta