पौड़ी : ल्वाली झील में डूबने से 11वीं के छात्र की मौत - सत्यमेव जयते

Breaking

Tuesday, February 18, 2025

पौड़ी : ल्वाली झील में डूबने से 11वीं के छात्र की मौत


पौड़ी। गगवाडस्यूं घाटी की ल्वाली झील में मंगलवार को नहाने गए 11वीं के छात्र की डूबकर मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर सबसे पहले मौके पर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों ने रेस्क्यू अभियान चलाया।

 ग्रामीणों की सूचना के बाद स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान डूबे युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम भी मौके पहुंची और झील में सर्च ऑपरेशन चलाया। वहीं, झील के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं होने पर स्थानीय ग्रामीणों ने कड़ी नाराजगी जताई है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से झील के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग उठाई है।

 गगवाडस्यूं के राजस्व उपनिरीक्षक दीपक वेलवाल ने बताया कि मंगलवार की दोपहर को उनको ग्राम प्रहरी बौंसरी प्रदीप सिंह राणा ने सूचना दी कि पौड़ी से दो युवक ल्वाली झील में नहाने गए थे। नहाने के दौरान 16 साल के अखिलेश पुत्र पितांबर लाल निवासी पूल्ड हाउस की डूबकर मौत हो गई है। 

सूचना मिलते ही टीम के साथ मौके पर गई। जहां डूबने से अखिलेश की मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों द्वारा रेस्क्यू कर शव को झील से बाहर निकाल लिया गया था। बताया कि मौके पर जाकर पंचायतनामा की कार्रवाई कर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल पौड़ी भेजा गया है।


जीआईसी का छात्र था अखिलेश:    ल्वाली झील में नहाने के दौरान डूबकर मरने वाला अखिलेश जीआईसी पौड़ी में 11वीं का छात्र था। बताया जा रहा है कि मंगलवार को स्कूल में 12वीं के छात्रों की फेरवल पार्टी रखी गई थी। अखिलेश अपने एक दोस्त के साथ ल्वाली झील घूमने चले गया। 

तभी नहाने के दौरान डूबकर उसकी मौत हो गई। अखिलेश के पिता उद्यान विभाग में संविदा पर कार्य करते हैं। अखिलेश के डूबने की सूचना मिलते ही अखिलेश के परिवार में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अखिलेश के साथ हुए अचानक इस हादसे से उसके परिवार का रो रोकर बुरा हाल है।

No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta