सोलन ब्रेकिंग : शिकार को गए व्यक्ति को लगी दूसरे शिकारियों की गोली, सिर काट कर जंगल में दबाया व धड़ गुफा में छिपाया - सत्यमेव जयते

Breaking

Saturday, January 25, 2025

सोलन ब्रेकिंग : शिकार को गए व्यक्ति को लगी दूसरे शिकारियों की गोली, सिर काट कर जंगल में दबाया व धड़ गुफा में छिपाया


सोलन। हिमाचल के सोलन में शिकार के लिए जंगल में व्यक्ति के सिर पर गोली मारकर पहले तो उसकी हत्या की फिर पकड़ेजाने के डर से मृतक का सिर धड़ से अलग करके उसे सिरमौर के वासनी स्थित एक गुफा में छिपा दिया। जबकि सिर को सोलन के सुल्तानपुर के जंगल में दबा दिया। लेकिन पुलिस अपराधियों से एक कदम आगे निकली और मोबाइल लोकेशन के आधार पर सोलन निवासी दोनों आरोपियों भुट्टो राम और संदीप को गिरफ्तार कर दिया है। मामले की जांच जारी है। 

मामले की पुष्टि एसपी सोलन गौरव सिंह ने की है।  पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार सिरमौर के पच्छाद के पलहेच गांव निवासी 38 वर्षीय सोमदत उर्फ सोनू  सोलन में अपने जीजा के घर आया था, उसकी पत्नी काफी समय से बीमार चल रही थी। 21 जनवरी को सोमदत घर के साथ लगते जंगल की तरफ यह कहकर गया था कि वह लकड़ियां लाने जा रहा है लेकिन वापस नहीं लौटा।

 काफी समय बाद भी जब घर नहीं लौटा तो परिजनों उसे फोन किया लेकिन स्विच ऑफ था। इसके बाद लोगों ने सोमदत की तलाश अपने स्तर पर जंगल में की लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इस पर परिजनों ने 23 जनवरी को थाना सदर सोलन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।  पुलिस थाना सदर सोलन की टीम की ओर से प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की गई । पुलिस ने सीडीआर टावर लोकेशन का विशलेषण किया गया, जिसके आधार पर दोनों आरोपियों को ट्रेस करके इनसे पूछताछ अमल में लाई गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपियों की 21 जनवरी 2025 की सीडीआर टावर लोकेशन का का विश्लेषण किया और  संदेह के आधार पर इन दोनों को ट्रेस करके पूछताछ अमल में लाई गई । जांच में पाया गया कि भुट्टो राम और संदीप सोलन के साथ लगते जंगल सुमति में शिकार खेलने गए थे। 

ये दोनों अपनी दो गाड़ियां सड़क के किनारे खड़ी करके जंगल में चले गए। ठीक उसी समय सोमदत उर्फ सोनू भी शिकार के लिए अपने जीजा के पड़ोसी की बंदूक लेकर उसी जंगल में गया हुआ था। शिकार के दौरान संदीप उर्फ अजय ने अपनी बंदूक से गोली चला दी जो दूसरी तरफ शिकार कर रहे व्यक्ति के सिर पर लग गई जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। 

इस वारदात के बाद दोनों आरोपियों ने साक्ष्यों को मिटाने की नीयत से मृतक के शव को अपने साथ रखे प्लास्टिक के बैग में डाल दिया। इसके बाद शव को दोनों अपनी गाड़ी में सिरमौर जिले के वासनी जंगल में एक गुफा में ले गए। जाने से पहले इन दोनों आरोपियों ने अपने-2 मोबाइल फोन एक गाड़ी में ही रख दिए थे ताकि इनकी लोकेशन को पुलिस द्वारा ट्रेस न किया जा सके।

उसके बाद गुफा में रात को ही दोनों ने मृतक की गर्दन को दराट से काटकर धड़ से अलग कर दिया।  गुफा में ही धड़ को आग लगाकर मृतक के सिर को अपने साथ लेकर वहां से वापस आ गए, ताकि मृतक के शव की पहचान ना की जा सके। आरोपियों ने मृतक के सिर को सुल्तानपुर के जंगल में ले जाकर आग लगाने के बाद जमीन में दबा दिया। 

आरोपियों ने मृतक के मोबाइल फोन को भी तोड़कर फेंक दिया था तथा बंदूक को भी छिपा दिया था।  पुलिस थाना सदर सोलन की टीम की ओर से उन स्थलों की शिनाख्त कर ली गई है, जहां मृतक का धड़ तथा सिर छिपाया गया था। इनका  फॉरेंसिक टीम जुंगा के साथ निरीक्षण किया जा रहा है। 

मृतक की बंदूक आरोपी संदीप की निशानदेही पर उसके घर के पास से बरामद की गई है। आरोपियों को अदालत में पेश कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मृतक के शव की शिनाख्त तकनीकी फॉरेंसिक जांच के आधार पर भी की जा रही है। 



No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta