हरिद्वार में मकर संक्रांति को लेकर ट्रैफिक प्लान जारी, मां धारी देवी और नागराजा की डोली भी निकलेगी - सत्यमेव जयते

Breaking

Monday, January 13, 2025

हरिद्वार में मकर संक्रांति को लेकर ट्रैफिक प्लान जारी, मां धारी देवी और नागराजा की डोली भी निकलेगी



हरिद्वार। पुलिस ने लोहड़ी और मकर संक्रांति स्नान पर्व को लेकर सोमवार को यातायात रूट डायवर्जन प्लान को लागू कर दिया। सोमवार की रात 12 बजे से शहर में भारी वाहनों की नो एंट्री कर दी गई। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि स्नान संपन्न होने तक यातायात प्लान जारी रहेगा। सभी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी पर्वों को संपन्न कराने में लगाई गई है। 

चंडी चौक से वाल्मीकी चौक से शिवमूर्ति चौक तक जीरो जोन रहेगा। शिवमूर्ति चौक से हरकी पौड़ी तक जीरो जोन रहेगा। भीमगोड़ा बैरियर से हरकी पौड़ी तक जीरो जोन रहेगा। एसपी सिटी पंकज गैरोला ने बताया कि दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर से आने वाले वाहन नारसन, मंगलौर, कोर कालेज, ख्याति ढाबा, गुरुकुल कांगड़ी, शंकराचार्य चौक, हरिद्वार पहुंचकर अलकनन्दा, दीनदयाल, पंतद्वीप, चमकादड़ टापू में पार्क किए जाएंगे।

मकर सक्रांति स्नान पर्व के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। मेला क्षेत्र को आठ जोन व 21 सेक्टरों में बांटा गया है। साथ ही पूरा क्षेत्र सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रहेगा। सोमवार को एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने पुलिस बल की ब्रीफिंग की। 

इसके बाद एडीजी लॉ एंड आर्डर वी मुरुगेशन ने अधिकारियों के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से डी ब्रीफिंग की। लोहड़ी व मकर संक्रांति स्नान पर्व में लगे फोर्स को ऋषिकुल ऑडिटोरियम में ब्रीफ करते हुए एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने कहा कि लोहड़ी व मकर संक्रांति स्नान पर अचानक से भीड़ बढ़ जाती है, हमें पहले से ही छोटी बड़ी सभी तैयारी करके रहना है।

आज धर्मनगरी में निकलेगी मां धारी देवी एवं भगवान नागराज देव डोली शोभा यात्रा

गढ़वाल महासभा ने मंगलवार को मां धारी देवी और भगवान नागराजा देवी डोली शोभायात्रा का आयोजन किया है। गढ़वाल महासभा के संयोजक महंत अनिल गिरी ने बताया कि मंगलवार 14 जनवरी को मां धारी देवी और भगवान नागराजा की डोली दोपहर डेढ़ बजे शिव मूर्ति चौक पहुंचेगी। 

शिवमूर्ति चौक पर स्वागत के बाद देव डोली वाल्मीकि चौक, पोस्ट ऑफिस, नरसिंह भवन, होटल मानसरोवर होकर शिव विश्राम गृह पर विश्राम करेगी। 

गढ़वाल महासभा के अध्यक्ष मुकेश जोशी ने बताया कि देव डोलियों के साथ भारी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचेंगे और ढोल दमौ, रणसिंघे, मशक बीन के साथ झूमते नाचते गाते विशाल शोभा यात्रा के रूप में उत्तराखंड की संस्कृति एवं धार्मिक शक्ति का प्रदर्शन कर शिव विश्राम गृह पहुंचेंगे।


No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta