हरिद्वार। ज्वालापुर के जटवाड़ा पुल पर चेकिंग के दौरान पुलिस टीम की बाइक सवार बदमाशें से मुठभेड़ हो गई। पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी जबकि दूसरे को भागते हुए पुलिस की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। घटना रात एक बजे के आसपास की बताई जा रही हैं
मिली जानकारी के अनुसार ज्वालापुर के जटवाड़ा पुल के पास पुलिस ने नाका लगा रखा था। यहां से आने जाने वाले वाहनों की तलाशी ली जा रही थी। इस बीच पुलिस की टीम ने बिना नंबर प्लेट की बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन पीछे बैठे बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। घटना के बाद दोनों आरोपी रेगुलेटर पुल नहर पटरी की ओर भागने लगे।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बदमाशों का पीछा किया और जवाबी फायरिंग की। इसमें एक बदमाश को पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया और पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। घायल बदमाश की पहचान बरेली के फतेहगंज पश्चिम पुलिस थाने के अंतरगत आने वाले अहमदनगर नई बस्ती निवासी नजाकत अली के रूप में की गई है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाश हरिद्वार में स्मैक की तस्करी के इरादे से आए थे। उनके पास से कई संदिग्ध वस्तुएं बरामद की गई हैं, जिनकी जांच की जा रही है।


No comments:
Post a Comment