पटना। बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात में जाने-माने उद्योगपति और मगध अस्पताल के मालिक गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
यह घटना गांधी मैदान थाना क्षेत्र में 4 जुलाई रात करीब 11 बजे हुई, जब बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने खेमका पर ताबड़तोड़ गोलीबारी की।पुलिस के अनुसार, गोपाल खेमका अपने अपार्टमेंट के पास पनास होटल के निकट कार से उतरे ही थे कि हमलावरों ने उनके सिर पर गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही गांधी मैदान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटनास्थल से एक गोली और एक खोखा बरामद किया गया है, और क्षेत्र को सील कर जांच शुरू कर दी गई है।पटना की पुलिस अधीक्षक (एसपी) दीक्षा ने बताया कि हत्या की जांच तेजी से की जा रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।
उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही दोषियों को पकड़ लिया जाएगा।गोपाल खेमका पटना के प्रमुख व्यवसायियों में शुमार थे। छह साल पहले उनके बेटे गुंजन खेमका की भी वैशाली जिले में गोली मारकर हत्या की गई थी, जिसने उस समय शहर में हड़कंप मचा दिया था।
इस ताजा घटना ने एक बार फिर पटना में अपराधियों के बढ़ते हौसले को उजागर किया है, जिससे व्यापारी वर्ग में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग और व्यापारी समुदाय इस मामले में त्वरित कार्रवाई और सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।


No comments:
Post a Comment