मंडी। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश, बाढ़, भूस्खलन और बादल फटने की घटनाओं ने भारी तबाही मचाई है। इस आपदा के बीच मंडी से लोकसभा सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत की अनुपस्थिति को लेकर सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना हो रही है। विपक्ष के साथ-साथ उनकी पार्टी के कुछ नेताओं ने भी उन पर निशाना साधा है।
शुक्रवार को कंगना ने ट्रोलर्स को जवाब देते हुए अपनी स्थिति स्पष्ट की।कंगना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "हिमाचल प्रदेश में हर साल बाढ़ से होने वाली तबाही दिल दहलाने वाली है। मैंने सेराज और मंडी के बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचने की कोशिश की, लेकिन विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर ने सलाह दी कि जब तक संपर्क और प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंच बहाल नहीं हो जाती, तब तक इंतजार करें।"
उन्होंने बताया कि मंडी के डीसी ने शुक्रवार को रेड अलर्ट जारी किया है और अधिकारियों की मंजूरी मिलने पर वह जल्द प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचेंगी।दूसरी ओर, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उनसे पत्रकारों ने कंगना की अनुपस्थिति पर सवाल किया। ठाकुर ने जवाब दिया, "मुझे नहीं पता कि उन्होंने ऐसा क्यों किया। हम लोग मंडी की जनता के साथ जीने-मरने के लिए हैं।
जिन्हें इसकी चिंता नहीं, उनके बारे में मैं कुछ नहीं कहना चाहता।"कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने इस वीडियो को शेयर करते हुए तंज कसा, "मंडी में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। जयराम ठाकुर से जब पत्रकारों ने पूछा कि सांसद कंगना ने इस पर एक ट्वीट भी नहीं किया, तो उनका जवाब था कि जिन्हें चिंता है, वे बोल रहे हैं, जिन्हें नहीं, वे नहीं बोल रहे।
मतलब कंगना को लोगों की चिंता नहीं?"इस बीच, हिमाचल में आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य जारी हैं। कंगना की ओर से जल्द प्रभावित इलाकों में पहुंचने का आश्वासन दिया गया है, लेकिन उनकी अनुपस्थिति पर सियासी घमासान तेज हो गया है।


No comments:
Post a Comment