देहरादून त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव: पहले दिन 2385 नामांकन पत्र बिके, 125 जमा - सत्यमेव जयते

Breaking

Wednesday, July 2, 2025

देहरादून त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव: पहले दिन 2385 नामांकन पत्र बिके, 125 जमा




देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है। जिला निर्वाचन कंट्रोल रूम के अनुसार, जिले के छह विकासखंडों में कुल 4050 पदों के लिए पहले दिन 2385 नामांकन पत्र बिके, जबकि 125 नामांकन पत्र जमा किए गए। विकासखंडवार आंकड़ों में रायपुर में 135, डोईवाला में 443, सहसपुर में 379, विकासनगर में 596, कालसी में 401 और चकराता में 431 नामांकन पत्र बिके। जमा हुए नामांकन पत्रों में ग्राम पंचायत सदस्य के 42, ग्राम प्रधान के 59, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 22 और जिला पंचायत सदस्य के 2 शामिल हैं। रानीपोखरी मौजा पंचायत से ग्राम प्रधान पद की उम्मीदवार विनीता नेगी ने भी आज अपना पर्चा दाखिल किया। जिले में कुल 3395 ग्राम पंचायत सदस्य, 409 ग्राम प्रधान, 220 क्षेत्र पंचायत सदस्य और 26 जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए चुनाव होना है।



निषेधाज्ञा लागू, सख्त नियम जारी

चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए अपर जिला मजिस्ट्रेट जय भारत सिंह ने त्रिस्तरीय पंचायत क्षेत्रों में धारा-163 लागू कर निषेधाज्ञा जारी की है। इसके तहत बिना अनुमति के सभा, जुलूस, रोड शो या रैली प्रतिबंधित है। पांच से अधिक व्यक्तियों के समूह बनाने, ध्वनि विस्तारक यंत्रों का स्कूल, अस्पताल या धार्मिक स्थलों के पास उपयोग, झूठी खबरें फैलाने, जातिगत या धार्मिक भावनाएं भड़काने और मतदाताओं को प्रलोभन देने पर रोक है। नामांकन स्थल और मतदान केंद्रों के 200 मीटर दायरे में जुलूस या वाहन प्रदर्शन प्रतिबंधित है। राजकीय वाहनों का चुनाव प्रचार में उपयोग और मतदाताओं को वाहनों से लाने-ले जाने पर भी रोक है। मतदान केंद्रों में केवल मतदाता, प्रत्याशी, चुनाव अभिकर्ता और निर्वाचन कार्य से जुड़े कर्मचारी ही प्रवेश कर सकेंगे। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-223 के तहत कार्रवाई होगी। जिला प्रशासन ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta