मसूरी में ट्रैफिक जाम ने छीनी बुजुर्ग पर्यटक की जिंदगी, समय पर नहीं पहुंची मदद - सत्यमेव जयते

Breaking

Saturday, June 7, 2025

मसूरी में ट्रैफिक जाम ने छीनी बुजुर्ग पर्यटक की जिंदगी, समय पर नहीं पहुंची मदद



देहरादून। मसूरी घूमने आए दिल्ली के 62 वर्षीय पर्यटक कमल किशोर टंडन की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद ट्रैफिक जाम के कारण समय पर अस्पताल न पहुंच पाने से मौत हो गई। दिल्ली से छह पर्यटकों के दल के साथ मसूरी आए कमल किशोर को बृहस्पतिवार को लाइब्रेरी क्षेत्र में ठहरने के दौरान संभवतः हार्टअटैक आया।

मृतक के रिश्तेदार अर्जुन कपूर ने बताया कि तबीयत बिगड़ने पर उन्होंने तुरंत एंबुलेंस बुलाने की कोशिश की, लेकिन देहरादून से मसूरी पहुंचने में देरी की आशंका के चलते वे निजी वाहन से अस्पताल के लिए निकले। दुर्भाग्यवश, मोतीलाल नेहरू मार्ग-गांधी चौक और किंग्रेग मार्ग पर भारी ट्रैफिक जाम के कारण वे करीब 45 मिनट तक फंसे रहे। अस्पताल पहुंचने से पहले ही कमल किशोर ने दम तोड़ दिया।

अर्जुन ने बताया कि पुलिस ने मदद की कोशिश की, लेकिन जाम की स्थिति असहनीय थी। उन्होंने सुझाव दिया कि शासन-प्रशासन को पर्यटकों के लिए बेहतर मेडिकल सुविधाओं का प्रचार करना चाहिए और होटलों में प्राथमिक चिकित्सा किट अनिवार्य करनी चाहिए। साथ ही, भारी वाहनों को किंग्रेग से ऊपर आने पर रोक लगानी चाहिए।

स्थानीय निवासियों शलभ गर्ग और अन्न गर्ग ने भी जाम की गंभीर स्थिति की पुष्टि की। वहीं, कोतवाल संतोष कुंवर ने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं है, लेकिन पर्यटन सीजन को देखते हुए सभी प्रमुख चौराहों पर पुलिस तैनात की गई है ताकि लोगों को असुविधा न हो।

यह घटना मसूरी जैसे पर्यटन स्थल पर ट्रैफिक प्रबंधन और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की कमी को उजागर करती है। स्थानीय प्रशासन से ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग उठ रही है।


No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta