सोलन। शहर में समर फेस्टिवल और शूलिनी मेले के दौरान बाहरी राज्यों से लोगों के बढ़ते आवागमन को देखते हुए जिला सोलन पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रवासी श्रमिकों के सत्यापन का अभियान युद्ध स्तर पर शुरू किया है। इस अभियान के तहत पुलिस ने मई से अब तक 328 प्रवासी श्रमिकों का सत्यापन किया है, ताकि शहर में सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस के अनुसार, सत्यापित श्रमिकों के स्ट्रेंजर रोल तैयार कर संबंधित थानों को भेजे गए हैं। इस दौरान 20 से अधिक ऐसे लोग पाए गए, जिनके पास पहचान से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं था। इन लोगों के फोटोग्राफ और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें जिला से बाहर भेज दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिला में प्रवेश केवल वैध पहचान पत्रों के आधार पर ही दिया जा रहा है। यह अभियान मेले और फेस्टिवल के दौरान भी लगातार जारी रहेगा।
जिला पुलिस का यह कदम शहर में बढ़ती भीड़ के बीच अपराधों पर अंकुश लगाने और संदिग्ध गतिविधियों को रोकने के लिए महत्वपूर्ण है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की है। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। इस अभियान से न केवल सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि सोलन में मेले का उत्साह भी सुरक्षित माहौल में मनाया जा सकेगा।


No comments:
Post a Comment