ऊना। हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और गगरेट विधानसभा के विधायक राकेश कालिया को सोशल मीडिया पर तलवार से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हरोली पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यूथ कांग्रेस हरोली के अध्यक्ष शुभम जोशी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गुरुवार को उन्होंने फेसबुक पर "शार्प शूटर नबाही वाला" नामक यूजर की एक पोस्ट देखी, जिसमें अमरीश राणा की तस्वीर के साथ लिखा था कि गगरेट पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया है। यह पोस्ट 6 जून को डाली गई थी। पोस्ट के कमेंट सेक्शन में दलिप कुमार नामक यूजर ने लिखा, "दोबारा तलवार की मांग कर रही है पब्लिक," जिसके जवाब में शार्प शूटर ने लिखा, "इस बार किसी पॉलिटिशियन पर ही चलेगी।" एक अन्य कमेंट में शार्प शूटर ने लिखा, "वो डिप्टी सीएम और राकेश कालिया जाने।" शिकायतकर्ता का कहना है कि इन कमेंट्स से उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और विधायक राकेश कालिया को परोक्ष रूप से तलवार से मारने की धमकी दी गई है।
बता दें कि हाल ही में हत्या के मामले में 25 साल की सजा काटकर रिहा हुए अमरीश राणा ने सोशल मीडिया पर उप मुख्यमंत्री से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। इसके अलावा, क्रशर मालिकों को धमकाने के एक अन्य मामले में गगरेट पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था।
पुलिस अधीक्षक ऊना अमित यादव ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल की टीम आरोपियों का पता लगाने में जुटी है। उन्होंने कहा, "जांच तेजी से चल रही है, और जल्द ही दोषियों को पकड़ा जाएगा।" इस घटना ने स्थानीय राजनीतिक हलकों में हड़कंप मचा दिया है।


No comments:
Post a Comment