हल्द्वानी : टांडा जंगल में मिले शव की शिनाख्त, हापुड़ निवासी चालक था मृतक, हत्या का आरोप - सत्यमेव जयते

Breaking

Friday, June 13, 2025

हल्द्वानी : टांडा जंगल में मिले शव की शिनाख्त, हापुड़ निवासी चालक था मृतक, हत्या का आरोप



हल्द्वानी। टांडा जंगल में गुरुवार शाम को मिले एक शव की पहचान उत्तर प्रदेश के हापुड़ निवासी 46 वर्षीय भुगेंद्र सिंह के रूप में हुई है। भुगेंद्र रुद्रपुर और हल्द्वानी के बीच मैजिक वाहन चलाकर सवारी ढोने का काम करते थे। उनके बेटे करन ने मोर्चरी में शव की शिनाख्त की और अज्ञात व्यक्तियों पर पिता की हत्या कर शव जंगल में फेंकने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि गुरुवार शाम टांडा जंगल में एक शव मिलने की सूचना मिली थी। शव के सिर पर चोट के निशान थे, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई गई। उस समय मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी, इसलिए शव को मोर्चरी में रखा गया और शिनाख्त के प्रयास शुरू किए गए। शुक्रवार को करन नाम का युवक पुलिस के पास पहुंचा और शव की पहचान अपने पिता भुगेंद्र सिंह के रूप में की। भुगेंद्र का परिवार मूल रूप से गढ़मुक्तेश्वर, जिला हापुड़, उत्तर प्रदेश का है और वर्तमान में ऊधम सिंह नगर में रहता है।

करन ने पुलिस को बताया कि 11 जून को उनके पिता को किसी अज्ञात व्यक्ति का फोन आया था। इसके बाद भुगेंद्र ने घर से बाइक पर निकलते हुए कहा कि वह एक-दो घंटे में लौट आएंगे। लेकिन, इसके बाद उनका फोन बंद हो गया और उनका कोई पता नहीं चला। शुक्रवार को करन को हल्द्वानी मोर्चरी में अज्ञात शव होने की जानकारी मिली। मोर्चरी पहुंचकर उन्होंने पिता के शव की पुष्टि की। करन का दावा है कि उनके पिता की हत्या की गई और शव को जंगल में फेंका गया।

पुलिस ने करन की शिकायत पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और शव के सिर पर चोट के निशानों के आधार पर हत्या की संभावना की पड़ताल हो रही है। पुलिस मृतक के फोन रिकॉर्ड और संदिग्धों की तलाश में जुट गई है। इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है, और परिवारजन गहरे सदमे में हैं।

No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta