हल्द्वानी। बनभूलपुरा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें पिथौरागढ़ निवासी एक सैन्यकर्मी पर 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा है। किशोरी ने रविवार को बनभूलपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सैन्यकर्मी और नाबालिग एक ही गांव के निवासी हैं। वर्तमान में किशोरी हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र में अपनी बुआ के घर रहती है। तहरीर में बताया गया कि शादीशुदा जवान ने नाबालिग को प्रेमजाल में फंसाया और अपनी पत्नी को तलाक देकर उससे शादी करने का झूठा वादा किया। कुछ दिन पहले उसने किशोरी को बनभूलपुरा के एक होटल में बुलाया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया।
घटना की जानकारी किशोरी ने अपने परिजनों को दी, जिसके बाद परिजनों ने बनभूलपुरा थाने में तहरीर दी। थाना प्रभारी नीरज भाकुनी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
इस घटना ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। पुलिस ने गोपनीयता बनाए रखते हुए मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


No comments:
Post a Comment