सोलन। जिला सोलन के ममलीग क्षेत्र की एक महिला के साथ धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ममलीग उपतहसील के भेला पनोग गांव की रहने वाली अनिता देवी ने पुलिस थाना सायरी में शिकायत दर्ज कराई कि उनके नाम पर अज्ञात व्यक्ति ने धोखे से 1.5 लाख रुपये का व्यवसायिक ऋण लिया है। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार अनिता देवी ने बताया कि वर्ष 2023-24 में मुख्यमंत्री एकल नारी उत्थान योजना के तहत उन्हें घर निर्माण के लिए 1.5 लाख रुपये की सरकारी सहायता मिली थी, जो निर्माण पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं थी। पिछले वर्ष जब उन्होंने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, ढबलोग ममलीग शाखा से ऋण लेने की कोशिश की, तो बैंक मैनेजर ने बताया कि उनके नाम पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने गारंटर के तौर पर वाहन ऋण लिया है, जिसका भुगतान नहीं हुआ। अनिता ने स्पष्ट किया कि उन्होंने ऐसी कोई गारंटी नहीं दी। इसके बाद, 9 जून 2025 को जोगिंद्रा बैंक, सेरीघाट शाखा में ऋण के लिए आवेदन करने पर पता चला कि 29 मार्च 2025 को उनके नाम पर किसी ने धोखाधड़ी से 1.5 लाख रुपये का व्यवसायिक ऋण ले लिया। बैंक ने इस कारण उन्हें ऋण देने से इनकार कर दिया।
इस धोखाधड़ी से परेशान अनिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया और अज्ञात व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी है। सायरी थाना पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि दोषी की पहचान हो सके।


No comments:
Post a Comment