सोलन में भारत विकास परिषद की कार्यशाला, संगठन और सेवा पर जोर - सत्यमेव जयते

Breaking

Sunday, June 15, 2025

सोलन में भारत विकास परिषद की कार्यशाला, संगठन और सेवा पर जोर



सोलन। भारत विकास परिषद, हिमाचल प्रदेश (प्रांत पूर्व) की एक दिवसीय कार्यशाला 15 जून 2025 को सोलन के एक निजी होटल में हर्षोल्लास और गरिमामय माहौल में संपन्न हुई। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य परिषद की गतिविधियों को संगठित, प्रभावी और जनहितकारी बनाना था। 

कार्यक्रम सुबह 9 बजे पंजीकरण और नाश्ते के साथ शुरू हुआ। इसके बाद परिषद गीत, मंत्रोच्चारण, दीप प्रज्वलन और ‘वंदे मातरम्’ के साथ विधिवत उद्घाटन हुआ। प्रांत महासचिव नरेंद्र खट्टर ने प्रतिभागियों का स्वागत किया, जबकि प्रांत अध्यक्ष अशोक टंडन ने परिषद की विचारधारा, उद्देश्यों और राष्ट्र निर्माण में इसकी भूमिका पर प्रेरणादायक उद्बोधन दिया। 

कार्यशाला में प्रांतीय संयोजकों ने संगठन, सेवा, संस्कार, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण जैसे विषयों पर प्रस्तुतियाँ दीं। सत्यम शर्मा ने परिषद के कार्य और शिष्टाचार, वीरेंद्र सहगल ने आदर्श शाखा निर्माण, सोमनाथ शर्मा ने संगठन संरचना, डीपीएस छाबड़ा ने संपर्क विभाग की भूमिका और नीरज गोयल ने वित्त विभाग की गरिमा पर विस्तृत व्याख्यान प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों ने प्रतिभागियों को परिषद के कार्यों को और प्रभावी बनाने की दिशा में प्रेरित किया। 



कार्यशाला में प्रतिभागियों को तीन समूहों में बांटकर सामूहिक चर्चा आयोजित की गई। चर्चा में संगठनात्मक समन्वय, वित्तीय अनुशासन, कार्यकर्ता निर्माण, शाखा सशक्तिकरण और संवाद के महत्व पर गहन मंथन हुआ। यह सत्र परिषद की गतिविधियों को और सुदृढ़ करने में सहायक रहा। 

कार्यशाला का समापन उत्तर क्षेत्र-1 के वरिष्ठ मार्गदर्शक और संगठन सचिव हरिन्द्र गुप्ता के प्रेरक विचारों के साथ हुआ। डॉ. सत्यव्रत भारद्वाज ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया और कार्यक्रम राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुआ। 

कार्यशाला में शाखा अध्यक्ष देवेन्द्र गुप्ता, सचिव कमल किशोर शर्मा, सत्यम शर्मा, दीप कुमार, दिनेश गोयल, भूपेश धीमान, डॉ. मुकेश प्रभाकर, रामायण चौधरी, नेहा ठाकुर, डॉ. सुधा गुप्ता, अमर सिंह वोहरा और रजनी प्रभाकर सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। विशेष अतिथि एस.एन. कपूर, डॉ. एम.पी. सिंघल और डॉ. राकेश धीमान को सम्मानित किया गया। 

शाखा प्रेस सचिव विनोद गुप्ता ने बताया कि यह कार्यशाला परिषद के सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यों को गति देने में मील का पत्थर साबित होगी। 


No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta