मुक्तेश्वर में फेरीवाले युवक पर दरांती से हमला, कुत्ते का पट्टा डालकर सड़क पर घुमाया - सत्यमेव जयते

Breaking

Friday, June 20, 2025

मुक्तेश्वर में फेरीवाले युवक पर दरांती से हमला, कुत्ते का पट्टा डालकर सड़क पर घुमाया



हल्द्वानी। नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र के धनाचूली में एक विशेष समुदाय के युवक के साथ बर्बर और अमानवीय घटना ने समाज में फैलती असहिष्णुता को उजागर किया है। हल्द्वानी के बनभूलपुरा निवासी वसीम ने आरोप लगाया है कि 17 जून को फेरी का सामान लेकर धनाचूली पहुंचने पर कुछ अराजक तत्वों ने उसे धर्म के आधार पर निशाना बनाया। 

वसीम के अनुसार, हमलावरों ने पहले उसका धर्म पूछा, फिर गालियां दीं और दरांती से उसके शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें पहुंचाईं। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसका गला और अंग काटने का प्रयास किया, कुत्ते का पट्टा उसके गले में डालकर सड़क पर घुमाया, और उसकी कार में तोड़फोड़ की। कार में रखे नकदी और सामान भी लूट लिए गए। वसीम ने बताया कि उसके पास फेरी के लिए वैध पुलिस सत्यापन प्रमाणपत्र और सभी कागजात थे, जिन्हें हमलावरों ने फाड़ दिया।

किसी तरह जान बचाकर हल्द्वानी पहुंचे वसीम ने बनभूलपुरा थाने में शिकायत दर्ज की। पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामले को मुक्तेश्वर थाने को स्थानांतरित कर दिया, क्योंकि घटना उसी क्षेत्र में हुई। एसपी सिटी हल्द्वानी प्रकाश चंद्र ने बताया कि यह घटना अत्यंत गंभीर है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है, और मुक्तेश्वर पुलिस जांच कर रही है। उन्होंने कहा, "दोषियों को जल्द चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।"

यह घटना न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाती है, बल्कि सामाजिक सौहार्द को खंडित करने वाली नफरत और असहिष्णुता की मानसिकता को भी दर्शाती है। स्थानीय लोग इस अमानवीय कृत्य की कड़ी निंदा कर रहे हैं और दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta