सोलन :परवाणू में पिस्टल फायरिंग मामले में दो गिरफ्तार, लाइसेंसी हथियार जब्त - सत्यमेव जयते

Breaking

Wednesday, May 14, 2025

सोलन :परवाणू में पिस्टल फायरिंग मामले में दो गिरफ्तार, लाइसेंसी हथियार जब्त



सोलन। सोलन जिले के परवाणू में पुलिस ने एक सनसनीखेज मामले में होटल की छत पर पिस्टल से हवा में गोली चलाकर उसका वीडियो सोसल मीडिया में वायरल करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। परवाणू थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कालका निवासी 27 वर्षीय अंकित सोनकर और परवाणू निवासी 22 वर्षीय  चिराग चौहान के रूप में हुई है। 

पुलिस के अनुसार, यह घटना मई 2024 में होटल मोगली में हुई, जब अंकित सोनकर अपने दोस्तों के साथ डिनर के लिए गया था। इस दौरान चिराग चौहान भी उसके साथ था। अंकित ने चिराग की लाइसेंसी पिस्टल मांगी और होटल की छत पर हवा में फायर कर दिया। इस घटना का वीडियो अंकित ने 2-3 दिन बाद अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर अपलोड कर दिया, जो बाद में वायरल हो गया। इस वीडियो को "परवाणू की आवाज" नामक फेसबुक पेज पर देखे जाने के बाद 10 मई 2025 को एक स्थानीय निवासी ने परवाणू थाने में शिकायत दर्ज की। शिकायतकर्ता ने बताया कि चक्की मोड़ के एक रेस्टोरेंट में यह व्यक्ति पिस्टल से हवा में गोली चलाते हुए दिखाई दिया, जिससे वहां मौजूद लोगों की जान को खतरा हुआ। 

परवाणू पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया और 12 मई 2025 को दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस ने चिराग चौहान के नाम पर रजिस्टर्ड लाइसेंसी पिस्टल को भी जब्त कर लिया। पुलिस अब उनके पूर्व अपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या वे पहले भी किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल रहे हैं। 

परवाणू थाना प्रभारी ने बताया कि इस तरह की लापरवाही भरी हरकतें सार्वजनिक सुरक्षा के लिए खतरा हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसी गतिविधियों की तुरंत सूचना दें। मामले की जांच अभी जारी है, और पुलिस अन्य संभावित सुरागों की तलाश में जुटी है। 

No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta