उत्तराखंड : यहां पुलिस ने किए 21 पेटी शराब के साथ तीन गिरफ्तार - सत्यमेव जयते

Breaking

Wednesday, May 21, 2025

उत्तराखंड : यहां पुलिस ने किए 21 पेटी शराब के साथ तीन गिरफ्तार



रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में केदारनाथ यात्रा के दौरान अवैध शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। सोनप्रयाग कोतवाली पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान दो अलग-अलग मामलों में 21 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में शराब परिवहन में इस्तेमाल किए गए वाहन को भी सीज कर लिया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अवैध शराब के भंडारण, बिक्री और तस्करी पर सख्त निगरानी रखने और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पहली कार्रवाई में सोनप्रयाग पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक वैगनार कार से 19 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। इस मामले में चन्द्र मोहन सिंह (निवासी डालसिंगी, थाना अगस्त्यमुनि) और पाल सिंह (निवासी कुरछोला, थाना रुद्रप्रयाग) को गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ थाना ऊखीमठ में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया, और शराब परिवहन में इस्तेमाल वाहन को सीज कर लिया गया।

दूसरी कार्रवाई में गौरीकुण्ड चौकी पुलिस ने स्थानीय सूचना के आधार पर गौरीकुण्ड मुख्य सड़क से ऊपर घोड़ा-खच्चर मार्ग पर पंकज सिंह (निवासी तालाजामन, तहसील बसुकेदार) को 20 बोतल अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया। इसके खिलाफ भी आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई। 

रुद्रप्रयाग पुलिस का अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान निरंतर जारी है। अब तक जनपद पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत 11 मुकदमे दर्ज किए हैं, जिनमें 839 बोतल शराब बरामद की गई और 11 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही, शराब तस्करी में उपयोग किए गए तीन वाहनों को सीज किया गया है। यह कार्रवाई केदारनाथ यात्रा की सुरक्षा और व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस की सतर्कता को दर्शाती है।

No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta