हरिद्वार। कनखल पुलिस ने सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम को लूटने की कोशिश को नाकाम कर दिया। इस दौरान हरियाणा के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया, जबकि उनका एक साथी फरार हो गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से गैस कटर और फर्जी नंबर प्लेट वाली कार बरामद की है। एटीएम में करीब 25 लाख रुपये मौजूद थे, जो लुटने से बच गए। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि यह घटना सोमवार देर रात की है, जब कनखल पुलिस की गश्ती टीम देशरक्षक से दादूबाग की ओर जा रही थी। इस दौरान पुलिस को जगजीतपुर ब्रांच के पास पीएनबी के एटीएम के निकट एक संदिग्ध युवक भागता दिखाई दिया। उसी समय वहां एक आई-20 कार खड़ी मिली, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी। एटीएम का शटर बाहर से बंद होने के बावजूद पुलिस को शक हुआ। जब पुलिसकर्मियों ने ध्यान से सुना तो अंदर से खटपट की तेज आवाज सुनाई दी।
पुलिस ने तुरंत शटर को बाहर से लॉक कर दिया और अतिरिक्त फोर्स को मौके पर बुलाया। जैसे ही शटर खोला गया, अंदर दो व्यक्ति गैस कटर से एटीएम को काटते हुए पकड़े गए। एटीएम आधा कटा हुआ था और वहां धुआं फैला हुआ था। पुलिस ने दोनों बदमाशों को तत्काल हिरासत में ले लिया। उनकी पहचान कार्तिक राणा (25), पुत्र राजेंद्र राणा, निवासी विकासनगर, सेक्टर 29, पानीपत, हरियाणा और धीरज (28), पुत्र जयपाल, निवासी राजीव कॉलोनी, हांसी रोड, करनाल, हरियाणा के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे की लत के शिकार हैं और पैसे की जरूरत के चलते इस वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी। उन्होंने एटीएम लूटने का तरीका यूट्यूब वीडियो से सीखा था। इसके लिए वे पिछले दो-तीन दिनों से हरिद्वार में रेकी कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि फरार हुए तीसरे बदमाश की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है। साथ ही, आरोपियों की कार और गैस कटर को जब्त कर लिया गया है।
एसएसपी डोबाल ने पुलिस टीम की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी लूट को रोका गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ लूट, चोरी और आपराधिक साजिश के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या ये बदमाश पहले भी ऐसी वारदातों में शामिल रहे हैं। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि को देखकर तुरंत पुलिस को सूचित करें। फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं, और जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा।


No comments:
Post a Comment