देहरादून। टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों के लिए समर्पित संगठन 'उदय-डायबिटीज अवेयरनेस इंटेटिव सोसाइटी' ने रविवार को सिद्धार्थ पब्लिक स्कूल, नेहरू कॉलोनी में मासिक मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया। इस शिविर में डायबिटीज से ग्रसित बच्चों और उनके अभिभावकों ने हिस्सा लिया, जहां विशेषज्ञों ने बच्चों की स्वास्थ्य जांच की और अनुभव साझा किए गए।
कार्यक्रम में डा. आशीष ने बच्चों की मेडिकल जांच की और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन के लिए सलाह दी। संगठन की अध्यक्ष व संस्थापक रेखा नेगी ने बताया कि 'उदय' का मुख्य उद्देश्य टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित प्रत्येक बच्चे को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना और उन्हें स्वस्थ, आत्मनिर्भर जीवन जीने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि यह मंच बच्चों, अभिभावकों और विशेषज्ञों को एक साथ लाता है, जहां वे अपनी चुनौतियों और अनुभवों को साझा कर एक-दूसरे से सीख सकते हैं।
कार्यक्रम में शामिल अभिभावकों ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए बताया कि इस तरह के आयोजन उनके लिए एक सहारा हैं। वे बच्चों की देखभाल से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा कर समाधान पा सकते हैं। सुरेंद्र बिजल्वाण, विकास अरोड़ा और विपिन वर्मा जैसे अभिभावकों ने संगठन की इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम में बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और विशेषज्ञों से अपने स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के टिप्स सीखे।
'उदय' संगठन ने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को जारी रखने का संकल्प लिया, ताकि डायबिटीज से प्रभावित बच्चों और उनके परिवारों को निरंतर सहयोग मिल सके। इस पहल ने समुदाय में जागरूकता और समर्थन का एक मजबूत आधार तैयार किया है।



No comments:
Post a Comment