हल्द्वानी: शादी में फायरिंग करके बन रहा था हीरो, पुलिस ने पिस्टल और कारतूस के साथ दबोचा - सत्यमेव जयते

Breaking

Wednesday, May 21, 2025

हल्द्वानी: शादी में फायरिंग करके बन रहा था हीरो, पुलिस ने पिस्टल और कारतूस के साथ दबोचा



हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी में एक शादी समारोह में अवैध हथियार से फायरिंग कर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कुंडा थाना पुलिस ने मंगलवार शाम को गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए बैलजोडी निवासी अली मोहम्मद या मौहम्मद को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक 32 बोर की देसी पिस्टल, कारतूस और एक आईफोन बरामद किया गया, जिसमें फायरिंग के वीडियो मौजूद थे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना के अनुसार, कुंडा थाने के उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह अपनी टीम के साथ गश्त पर थे, तभी मुखबिर ने सूचना दी कि बैलजोडी का रहने वाला अली मोहम्मद, जो एक शादी समारोह में पिस्टल से फायरिंग करते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर रहा था, सब्जी मंडी के पास नीलकंठ कॉलोनी जाने वाले रास्ते पर सफेद शर्ट पहने देखा गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया। तलाशी में अली मौहम्मद पुत्र मो. अतीक के पास से एक देसी पिस्टल और कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में उसने बताया कि यह पिस्टल उसने काशीपुर निवासी सुलेमान बंदूकची के बेटे तनवीर उर्फ विशाल से ली थी।

पुलिस को बरामद आईफोन में तीन वीडियो मिले, जिनमें एक शादी समारोह में फायरिंग, एक चलती कार से फायरिंग और एक अन्य स्थान पर फायरिंग का दृश्य था। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होकर क्षेत्र में सनसनी फैला रहे थे। पुलिस ने बताया कि इस तरह की गतिविधियां न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि सामाजिक शांति और सुरक्षा के लिए भी खतरा हैं। 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देश पर अवैध हथियारों और ऐसी आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। अली मोहम्मद के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है, और पुलिस अब तनवीर उर्फ विशाल की तलाश में छापेमारी कर रही है। 

No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta