हल्द्वानी : हाई टेंशन लाइन की चपेट में आया युवक, 70% झुलसा, हालत गंभीर - सत्यमेव जयते

Breaking

Sunday, May 11, 2025

हल्द्वानी : हाई टेंशन लाइन की चपेट में आया युवक, 70% झुलसा, हालत गंभीर



हल्द्वानी। हल्द्वानी के डहरिया वार्ड 55 स्थित शिवालय कॉलोनी में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें 20 वर्षीय युवक विजय 132 हजार वोल्ट की हाई टेंशन लाइन की चपेट में आकर 70 फीसदी से अधिक झुलस गया। घटना के बाद उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, विजय एक टेंट स्वामी के लिए शादी-विवाह में बिजली का कार्य करता था। हादसा उस समय हुआ, जब वह एक घर में लगी बिजली की झालर निकाल रहा था। यह घर तीन दिन पहले एक विवाह समारोह का हिस्सा था, जहां सजावट के लिए झालर लगाई गई थी। घर के पास से गुजर रही हाई टेंशन लाइन की चपेट में आने से विजय बुरी तरह झुलस गया। हैरानी की बात यह है कि गृह स्वामी, मोहल्ले वासियों और टेंट स्वामी ने इस घटना को छिपाने की कोशिश की। 

हादसे की जानकारी तब सामने आई, जब बिजली लाइन बंद होने पर विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घायल विजय को तुरंत सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन उसकी बिगड़ती हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। 

इस घटना ने क्षेत्र में हाई टेंशन लाइनों की सुरक्षा और सजावटी बिजली उपकरणों के उपयोग को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से ऐसी लाइनों की नियमित जांच और सुरक्षा उपायों को लागू करने की मांग की है। साथ ही, टेंट व्यवसायियों से सजावट के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की गई है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। विजय के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 

No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta