फिर डराने लगा कोरोना : देशभर में अब तक 13 मौतें, एक्टिव केस भी हुए 1252 - सत्यमेव जयते

Breaking

Friday, May 30, 2025

फिर डराने लगा कोरोना : देशभर में अब तक 13 मौतें, एक्टिव केस भी हुए 1252



नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस का खतरा एक बार फिर सिर उठाने लगा है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश में कोविड-19 के 1,252 एक्टिव केस दर्ज किए गए हैं, जबकि अब तक 13 लोगों की इस संक्रमण से मौत हो चुकी है। सबसे अधिक प्रभावित राज्य केरल में 430 मरीज कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। महाराष्ट्र 325 एक्टिव केसों के साथ दूसरे स्थान पर है, जिनमें से 316 मामले अकेले मुंबई से हैं। उत्तर भारत में भी संक्रमण बढ़ रहा है, और स्वास्थ्य विभाग ने इसे लेकर सतर्कता बढ़ा दी है।

उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति की चंडीगढ़ में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह लुधियाना में काम करता था और सांस लेने में तकलीफ के बाद उसे चंडीगढ़ रेफर किया गया था, जहां उसकी रिपोर्ट कोविड पॉजिटिव आई। देशभर में कोविड से हुई 13 मौतों में महाराष्ट्र, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक और मध्य प्रदेश में 11 मामले शामिल हैं। जयपुर में 26 मई को दो लोगों की मौत हुई, जिनमें एक रेलवे स्टेशन पर मृत पाया गया, जबकि दूसरा 26 वर्षीय टीबी मरीज था, जो निजी अस्पताल में भर्ती था। ठाणे, महाराष्ट्र में एक महिला और 21 वर्षीय युवक की कोविड से मृत्यु हुई। बेंगलुरु में 17 मई को 84 वर्षीय बुजुर्ग की मल्टी ऑर्गन फेल्योर से मौत हुई, जिसकी रिपोर्ट बाद में कोविड पॉजिटिव पाई गई। केरल में भी दो मरीजों की कोरोना से मौत दर्ज की गई।

कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग हाई अलर्ट पर है। खासकर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 29-30 मई को उत्तर प्रदेश और बिहार के दौरे को ध्यान में रखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पीएम के 100 मीटर के दायरे में रहने वाले सभी लोगों की कोविड जांच अनिवार्य कर दी गई है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के निदेशक डॉ. राजीव बहल ने बताया कि दक्षिण और पश्चिम भारत से लिए गए सैंपलों में कोविड-19 के चार नए वैरिएंट की पुष्टि हुई है, जो चिंता का विषय है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से मास्क पहनने, सामाजिक दूरी बनाए रखने और टीकाकरण को प्राथमिकता देने की अपील की है। सरकार ने अस्पतालों में कोविड वार्ड और जांच केंद्रों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। बढ़ते मामलों को देखते हुए आम जनता में सतर्कता और जागरूकता की जरूरत पर बल दिया जा रहा है ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।


No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta