कोलकाता। उत्तर दिनाजपुर के रायगंज में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां माल्दा निवासी हृदय दे ने खुद को फर्जी आईपीएस अधिकारी बताकर एक युवती को प्यार के जाल में फंसाया और उससे शादी रचा ली। शादी के छह महीने बाद जब सच्चाई सामने आई, तो उसने अपनी पत्नी के साथ हिंसक व्यवहार शुरू कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और महिला पर अत्याचार के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, हृदय दे ने सोशल मीडिया पर खुद को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी के रूप में पेश किया और रायगंज की एक युवती से संपर्क स्थापित किया। कुछ ही समय में दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए, जिसके बाद मंदिर में शादी कर ली गई। शादी के बाद दोनों रायगंज के बिरीनगर इलाके में किराए के मकान में रहने लगे। शुरूआत में सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन कुछ महीनों बाद युवती को हृदय की गतिविधियों पर शक हुआ। वह न तो किसी सरकारी पद पर कार्यरत था और न ही कोई निश्चित काम करता था। जब पत्नी ने सवाल उठाए, तो हृदय ने उसके साथ शारीरिक और मानसिक अत्याचार शुरू कर दिया।
बुधवार रात को मामला तब चरम पर पहुंच गया, जब हृदय ने अपनी पत्नी को बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने उसे तुरंत रायगंज मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि हृदय ने न केवल फर्जी पहचान बनाकर शादी की, बल्कि इलाके के लोगों से भी पैसे ठगने का काम किया। पुलिस ने हृदय को गिरफ्तार कर उसके पास से 14 अलग-अलग बैंकों के एटीएम कार्ड बरामद किए, जो उसकी ठगी की गतिविधियों की ओर इशारा करते हैं।
उत्तर दिनाजपुर की पुलिस अधीक्षक सना अख्तर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई शुरू कर दी गई है और मामले की गहन जांच चल रही है। स्थानीय लोगों ने भी खुलासा किया कि हृदय इलाके में खुद को आईपीएस अधिकारी बताकर लोगों का भरोसा जीतता था और उनसे पैसे ऐंठता था।


No comments:
Post a Comment