अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। बुधवार को कोतवाली अल्मोड़ा और विशेष कार्य बल (एसओजी) की संयुक्त टीम ने चौसली डोबा मोटर मार्ग तिराहे पर चेकिंग के दौरान एक अल्टो कार से 1.036 किलोग्राम चरस बरामद की, जिसकी बाजार कीमत लगभग 2,07,200 रुपये आंकी गई है। इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देवेंद्र पींचा के निर्देश पर जिले में नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है। इसी के तहत सीओ गोपाल दत्त जोशी के पर्यवेक्षण में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक योगेश चंद्र उपाध्याय और एसओजी प्रभारी भुवन चंद्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान एक संदिग्ध अल्टो कार (यूके01-सी3710) को रोका गया। तलाशी लेने पर कार में सवार दो व्यक्तियों, पूरन सिंह (33) निवासी ग्राम डाल, अल्मोड़ा और संतोष कुमार (33) निवासी ग्राम रौन, अल्मोड़ा, के कब्जे से क्रमशः 590 ग्राम और 446 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ कोतवाली अल्मोड़ा में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस ऑपरेशन में उपनिरीक्षक धरम सिंह, कांस्टेबल हरीश भट्ट, राजेश भट्ट, इरशाद उल्ला, और राकेश भट्ट शामिल थे।


No comments:
Post a Comment