रानीपोखरी। डोईवाला पुलिस थाना क्षेत्र के जौलीग्रांट चौकी इलाके में आज दोपहर हुए हादसे में एक महिला की जान चली गई। महिला जौलीग्रांट के आदर्श नगर मोहल्ले की रहने वाली थी।
मिली जानकारी के अनुसार आज दोपहर जौलीग्रांट क्षेत्र के आदर्श नगर निवासी धन सिंह गुनसोला की गुनसोला की 65 वर्षीय पत्नी लक्ष्मी देवी घर से तैयार होकर एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए जा रही थी।
जैसे ही लक्ष्मी देवी दुर्गा चौक के नजदीक पहुंची। पीछे से आ रही एक अनियंत्रित कार यूके07 डीजे 8625 उन्हें कुचलते हुए आगे बढ़ी और नजदीक ही पंवार जनरल स्टोर के पास खड़े वाहनों को टक्कर मारते हुए दुकान के अगले हिस्से में जा घुसी। कार की चपेट में आकर दुकान के पास खड़ी एक अवेंजर बाइक भी क्षतिग्रस्त हुई है। लक्ष्मी देवी को इतनी जबरदस्त टक्कर लगी कि उनके प्राण मौके पर निकल गए। हालांकि आसपास के लोग उन्हें तुरंत हिमालयन अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हालांकि पंवार जनरल स्टोर में घुसी कार ने ही लक्ष्मी देवी को टक्कर मारी यह दावे से नहीं कहा जा सकता है। इसकी वजह यह है कि कार की डिक्की बुरी तरह से क्षतिग्रस्त है। इसका अर्थ है कि इस कार को किसी दूसरे वाहन ने पीछे से टक्कर मारी और टक्कर मारने वाला वाहन तेजी से फरार हो गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


No comments:
Post a Comment