देहरादून में डेंगू : एक मरीज की मौत, दो नए मरीज भर्ती, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट - सत्यमेव जयते

Breaking

Thursday, April 17, 2025

देहरादून में डेंगू : एक मरीज की मौत, दो नए मरीज भर्ती, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट


देहरादून।
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में डेंगू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। एक 42 वर्षीय डेंगू पॉजिटिव मरीज की मौत हो गई, जबकि दो नए मरीजों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिले में अब तक डेंगू के 18 मरीज सामने आ चुके हैं, जिससे स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी भूपेंद्र रतूड़ी ने बताया कि नई बस्ती, बलवीर रोड निवासी 42 वर्षीय मरीज को 5 अप्रैल को किडनी और सांस संबंधी गंभीर समस्याओं के कारण भर्ती किया गया था। उनकी डेंगू एलाइजा रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, लेकिन मल्टी ऑर्गन फेलियर के कारण 10 अप्रैल को उनकी मौत हो गई।

सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा ने बताया कि अस्पताल की रिपोर्ट में मरीज को डिस्चार्ज दिखाया गया था, लेकिन मौत की जानकारी नहीं दी गई। मरीज के परिजनों से संपर्क नहीं हो पाया, लेकिन सर्वे के दौरान उनकी किडनी और सांस की समस्या सामने आई थी। इस मामले की गहराई से जांच के लिए एक टीम मृतक के घर और अस्पताल भेजी जाएगी, जहां डेथ ऑडिट किया जाएगा। बुधवार को चकराता के कंडोई और रायपुर की सपेरा बस्ती से डेंगू के दो नए मरीज सामने आए, जिन्हें श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब तक 867 मरीजों की जांच में 18 डेंगू पॉजिटिव पाए गए हैं, जिनमें 12 देहरादून और 6 अन्य शहरों के हैं। 12 मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि 6 अभी भर्ती हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए जिला मलेरिया अधिकारी सुभाष जोशी से डेंगू का चार्ज हटा लिया है, क्योंकि उन्होंने मामलों की जानकारी नहीं दी। अब एसीएमओ डॉ. सीएस रावत और डॉ. एनके त्यागी को नोडल, जबकि डॉ. पीयूष अगस्टीन को सह नोडल बनाया गया है। डेंगू जांच की दर 1100 रुपये निर्धारित की गई है, और सभी लैबों को रेट लिस्ट प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पतालों को बेड रिजर्व करने और स्कूलों को बच्चों को पूरी आस्तीन के कपड़ों में बुलाने की हिदायत दी गई है। लोगों से पानी जमा न होने देने और सावधानी बरतने की अपील की गई है।


No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta