हल्द्वानी :गौला नदी में डूबने से युवक की मौत, दोस्तों संग नहाने गया था भूपेश - सत्यमेव जयते

Breaking

Wednesday, April 2, 2025

हल्द्वानी :गौला नदी में डूबने से युवक की मौत, दोस्तों संग नहाने गया था भूपेश


हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी में एक दुखद हादसे ने परिवार को सदमे में डाल दिया है। काठगोदाम स्थित गौला नदी में नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मुनस्यारी, पिथौरागढ़ निवासी 27 वर्षीय भूपेश सिंह रावत, पुत्र स्व. बाला सिंह के रूप में हुई है। हादसा मंगलवार शाम को हुआ, जब भूपेश अपने दोस्तों के साथ अमृतपुर की ओर नहाने गया था। 

जानकारी के अनुसार, भूपेश हल्द्वानी के मुखानी कठघरिया में अपने चाचा के घर पर रहता था और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। उसने कुछ समय पहले ही समूह-ग की परीक्षा भी उत्तीर्ण की थी। मंगलवार शाम को भूपेश ने घर से दोस्तों के साथ घूमने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। 

पुलिस ने भूपेश के दोस्तों से संपर्क किया, तब पता चला कि वह अमृतपुर के अमिया के पास गौला नदी में नहाने गए थे। नहाते वक्त भूपेश नदी में डूब गया। दोस्तों ने उसे नदी से बाहर निकाला और बेहोशी की हालत में तुरंत नैनीताल रोड स्थित एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि मौत के कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन अभी तक परिवार की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। इस हादसे से भूपेश के परिवार में शोक की लहर है।


No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta