पत्रकार राघवेंद्र बाजपेयी हत्याकांड का खुलासा, मंदिर के पुजारी समेत तीन गिरफ्तार, दो शूटर फरार - सत्यमेव जयते

Breaking

Thursday, April 10, 2025

पत्रकार राघवेंद्र बाजपेयी हत्याकांड का खुलासा, मंदिर के पुजारी समेत तीन गिरफ्तार, दो शूटर फरार


नोएडा। नोएडा के बहुचर्चित पत्रकार राघवेंद्र बाजपेयी हत्याकांड का पुलिस ने 34 दिनों बाद खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज मामले में कारेदेव बाबा मंदिर के पुजारी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि हत्या को अंजाम देने वाले दो शूटर अभी फरार हैं। पुलिस ने दोनों शूटरों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर उनकी तलाश तेज कर दी है।

जानकारी के अनुसार, महोली निवासी पत्रकार राघवेंद्र बाजपेयी की 8 मार्च को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हेमपुर ओवरब्रिज पर चार गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद से ही पुलिस पर मामले को सुलझाने का दबाव था। एसपी चक्रेश मिश्र के निर्देश पर क्राइम ब्रांच और एसटीएफ की कुल 12 टीमों ने जांच शुरू की। 34 दिनों की कड़ी मेहनत के बाद पुलिस ने इस हत्याकांड की साजिश का पर्दाफाश किया। जांच के दौरान एक हजार से ज्यादा फोन नंबरों की पड़ताल की गई, 250 सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और 125 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की गई।

पुलिस की जांच में पता चला कि इस हत्याकांड के पीछे कारेदेव बाबा मंदिर के पुजारी शिवानंद बाबा उर्फ विकास राठौर का हाथ था। सीसीटीवी फुटेज में दो लोग मंदिर, राघवेंद्र के घर और महोली कस्बे में संदिग्ध रूप से घूमते दिखे, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज की। पूछताछ में पुजारी शिवानंद, उनके करीबी निर्मल सिंह और असलम गाजी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि राघवेंद्र को पुजारी के कुछ गहरे राज पता चल गए थे, जिससे उसकी बदनामी होने का डर था। इस बात को लेकर शिवानंद ने अपने करीबी निर्मल सिंह से साजिश रची। निर्मल ने असलम गाजी की मदद से दो शूटरों, राजू तिवारी और संजय तिवारी, को राघवेंद्र की हत्या की सुपारी दी। दोनों शूटरों ने रेकी करने के बाद मिश्रिख के अटवा निवासी राजू तिवारी और संजय तिवारी ने हत्या को अंजाम दिया।

पुलिस ने दोनों शूटरों को पकड़ने के लिए क्राइम ब्रांच की तीन और एसटीएफ की सात टीमों को लगाया है, जो नोएडा और आसपास के इलाकों में छापेमारी कर रही हैं। एसपी चक्रेश मिश्र ने दोनों शूटरों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।

इस मामले में एक बड़े सफेदपोश के शामिल होने की भी चर्चा है। पुलिस के मुताबिक, कुछ संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है और जल्द ही उन पर भी कार्रवाई की जाएगी। इस हत्याकांड ने इलाके में सनसनी मचा दी है, और लोग पुलिस की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।


No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta